नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। आज विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित विभिन्न प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित विभाग सड़क सुरक्षा के निर्धारित मानकों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें तथा शासन एवं सड़क सुरक्षा परिषद द्वारा समय-समय पर जारी निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाए। उन्होंने दुर्घटना संभावित (ब्लैक स्पॉट) स्थलों पर आवश्यक सुधारात्मक कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। बैठक में क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के अनुपस्थित रहने पर जिलाधिकारी ने एक दिन के वेतन कटौती के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि अवैध कटों को बंद कराया जाए। बिजनौर एवं करनाल हाईवे पर एनएचएआई द्वारा आवश्यकता के अनुरूप फुटओवर ब्रिज बनाए जाने हेतु स्थान का चिन्हांकन कर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। ब्लैक स्पॉट के संबंध में पूर्ण कार्ययोजना तैयार करते हुए प्राथमिकता के आधार पर आवश्यक कार्यवाही की जाए। मेरठ शहर में विद्युत पोल शिफ्टिंग हेतु स्थलों का चिन्हांकन कर विद्युत विभाग को तत्काल आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने नगर निगम, लोक निर्माण विभाग, एनएचएआई, एनसीआरटीसी एवं अन्य संबंधित विभागों को अपने-अपने क्षेत्रों में सड़कों के पेंचवर्क एवं मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पेंचवर्क एवं मरम्मत कार्यों में मानकों एवं गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। नगर निगम को सीएम ग्रिड, सड़क मरम्मत, पेंचवर्क, विभिन्न मार्गों पर स्ट्रीट लाइट सहित सड़क सुरक्षा से संबंधित समस्त कार्यों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रसाद, पुलिस अधीक्षक (यातायात) राजेश कुमार श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सत्येन्द्र सिंह, जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment