नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वामी विवेकानंद सुभारती विश्वविद्यालय में आज़ाद हिन्द रेडियो के चौथे स्थापना दिवस को उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज, संस्कृति विभाग के निदेशक आर. पी. सिंह, सुभारती मीडिया के सहायक निर्देशक प्रो. (डॉ.) रितेश चौधरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रो. (डॉ.) शल्या राज के स्वागत के साथ हुआ। आर. पी. सिंह , प्रो. (डॉ.) रितेश चौधरी, आर.जे कृष्णा, आर.जे वंशी एवं आर.जे पंकज ने प्रो. (डॉ.) शल्या राज का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके उपरांत प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने केक काटकर आज़ाद हिन्द रेडियो के चौथे स्थापना दिवस की खुशियां सभी के साथ साझा कीं और आज़ाद हिन्द रेडियो से जुड़े सभी सदस्यों, आरजे एवं श्रोताओं को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) शल्या राज ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि आज़ाद हिन्द रेडियो ने अपने चार वर्षों के सफल सफर में समाज, संस्कृति, शिक्षा, राष्ट्रहित और जन-जागरूकता के क्षेत्र में अपनी एक विशेष पहचान बनाई है। यह मंच देश की आवाज़ को जन-जन तक पहुंचाने तथा सकारात्मक और सार्थक विचारों को समाज के समक्ष प्रस्तुत करने का महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में रेडियो की भूमिका और अधिक व्यापक हुई है तथा आज़ाद हिन्द रेडियो युवाओं को अपनी प्रतिभा, विचार और रचनात्मकता को अभिव्यक्त करने का प्रभावी मंच प्रदान कर रहा है। उन्होंने रेडियो की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में और अधिक सफलता एवं नई ऊंचाइयों को प्राप्त करने की कामना की।
संस्कृति विभाग के निदेशक आर. पी. सिंह ने कहा कि रेडियो केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति और जन-जागरूकता को जोड़ने वाली एक प्रभावशाली कड़ी है। उन्होंने कहा कि आज़ाद हिन्द रेडियो भारतीय संस्कृति, सामाजिक सरोकारों और सकारात्मक विचारों को जन-जन तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। यह मंच युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हुए उनकी प्रतिभा को निखारने का अवसर भी प्रदान कर रहा है।
वहीँ सुभारती मीडिया के सहायक निर्देशक प्रो. (डॉ.) रितेश चौधरी ने आज़ाद हिन्द रेडियो की पूरी टीम को चौथे स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि चार वर्षों की यह यात्रा निरंतर समर्पण, रचनात्मकता और सकारात्मक सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज़ाद हिन्द रेडियो ने विद्यार्थियों एवं युवा प्रतिभाओं को अपनी आवाज़ और विचार समाज तक पहुंचाने का एक सशक्त मंच उपलब्ध कराया है। रेडियो के माध्यम से युवा न केवल संचार कौशल सीख रहे हैं, बल्कि समाज, संस्कृति, शिक्षा और राष्ट्रहित से जुड़े विषयों को समझने एवं जन-जन तक पहुंचाने का कार्य भी कर रहे हैं। प्रो. (डॉ.) रितेश चौधरी ने कहा कि आज़ाद हिन्द रेडियो की सफलता टीमवर्क, नवाचार और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना का परिणाम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में यह मंच और अधिक प्रभावशाली ढंग से जनहित से जुड़े विषयों को प्रस्तुत करते हुए नई उपलब्धियां स्थापित करेगा।
इस अवसर परकार्यक्रम में प्रो. अशोक त्यागी, आर.जे कृष्णा, आर.जे बंशी, आर.जे पंकज, गुंजेश ओझा, अमित, संदीप सहित आज़ाद हिन्द रेडियो से जुड़े सभी सदस्यों ने स्थापना दिवस की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम का वातावरण उत्साह, उमंग और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर रहा। आज़ाद हिन्द रेडियो के चौथे स्थापना दिवस का यह आयोजन चार वर्षों की सफल यात्रा का उत्सव होने के साथ-साथ भविष्य में समाज, संस्कृति और राष्ट्रहित के प्रति और अधिक प्रभावी भूमिका निभाने के संकल्प के रूप में भी यादगार बना।
No comments:
Post a Comment