Breaking

Your Ads Here

Monday, September 28, 2026

रूसी संस्कृति की खुशबू से महकेगा सीसीएसयू परिसर



– 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक अटल सभागार में होगा तीन दिवसीय रशियन कल्चरल प्रोग्राम


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय, मेरठ में भारत और रूस के बीच शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को नई ऊंचाई देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। सोमवार को रूस की मिनिन निज़नी नोवगोरोड स्टेट पेडागॉजिकल यूनिवर्सिटी (Minin University) का 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय पहुंचा। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया।


इस अवसर पर कुलपति प्रोफेसर संगीता शुक्ला ने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान के आदान-प्रदान का माध्यम नहीं, बल्कि विभिन्न देशों की संस्कृतियों और समाजों को एक-दूसरे से जोड़ने का सशक्त माध्यम भी है। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय और मिनिन यूनिवर्सिटी के बीच शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक सहयोग विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर सीखने और अपनी प्रतिभा को विकसित करने के नए अवसर प्रदान करेगा। रूस के विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का विश्वविद्यालय में आगमन दोनों देशों के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत करने के साथ-साथ विद्यार्थियों को रूसी भाषा, संस्कृति और परंपराओं को निकट से समझने का अवसर देगा।


मिनिन यूनिवर्सिटी की वाइस-रेक्टर फॉर इंटरनेशनल रिलेशंस LILIIA ERUSHKINA ने चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में अपने स्वागत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सीसीएसयू परिसर में आकर उन्हें बहुत अच्छा और सुखद अनुभव हुआ। विश्वविद्यालय का शैक्षणिक वातावरण, परिसर की गतिविधियां और विद्यार्थियों का उत्साह उन्हें विशेष रूप से प्रभावित कर रहा है। भारत और रूस के बीच शिक्षा एवं संस्कृति के क्षेत्र में लंबे समय से मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं और ऐसे कार्यक्रम इन संबंधों को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के साथ मिनिन यूनिवर्सिटी का शैक्षणिक सहयोग दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए एक-दूसरे की शिक्षा व्यवस्था, भाषा, संस्कृति और परंपराओं को समझने का महत्वपूर्ण अवसर है।


विश्वविद्यालय परिसर में 29 सितंबर, 30 सितंबर एवं 1 अक्टूबर को तीन दिवसीय रशियन कल्चरल प्रोग्राम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम अटल सभागार में होगा, जिसमें रूसी भाषा, संस्कृति, कला, परंपराओं एवं शैक्षणिक जीवन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की प्रस्तुति की जाएगी। कार्यक्रम में मिनिन यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों की सहभागिता विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।


मिनिन यूनिवर्सिटी का 12 सदस्यीय दल लगभग 10 दिनों तक चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में प्रवास करेगा। इस दौरान दल के सदस्य विश्वविद्यालय के रूसी विभाग के विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे तथा उन्हें रूसी भाषा एवं रूस की संस्कृति से संबंधित जानकारी प्रदान करेंगे। इससे विद्यार्थियों को रूसी भाषा सीखने के साथ रूस के सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिवेश को समझने का अवसर मिलेगा। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय और मिनिन निज़नी नोवगोरोड स्टेट पेडागॉजिकल यूनिवर्सिटी के बीच पूर्व में एमओयू हो चुका है। इस समझौते के माध्यम से दोनों विश्वविद्यालयों के बीच शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं अकादमिक सहयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। एमओयू के अंतर्गत दोनों संस्थानों के बीच अकादमिक गतिविधियों, विद्यार्थी एवं शिक्षक आदान-प्रदान तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागिता के अवसर उपलब्ध होंगे।


सीसीएसयू परिसर में रूसी भाषा एवं संस्कृति के अध्ययन को बढ़ावा देने के लिए ‘एक्सचेंज सेंटर फॉर ओपन एजुकेशन इन रशियन एंड रशियन लैंग्वेज टीचिंग’ की स्थापना भी की जा चुकी है। यह आयोजन भारत-रूस के बीच शिक्षा, भाषा और संस्कृति के आदान-प्रदान को नई गति देने के साथ विद्यार्थियों के लिए अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक अवसरों के नए द्वार खोलेगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here