नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में आज भारी बारिश के बीच सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों पर सवार होकर हजारों किसान कमिश्नरी पर एकत्रित हुए। कमिश्नरी से पैदल मार्च करते हुए किसान एमडीए पहुंचे। किसानों के प्रदर्शन को देखते हुए एमडीए वीसी संजय मीणा स्वयं सड़क पर आकर किसानों से वार्ता करने पहुंचे। वीसी ने किसानों को आश्वस्त किया कि किसी भी आमजन का अहित नहीं होने दिया जाएगा।
जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने वीसी का आभार जताते हुए कहा कि वे ऊपर बात कर आमजन का अहित होने से बचाएंगे। इस दौरान किसानों ने सुप्रीम कोर्ट के गन्ना ब्याज संबंधी आदेश को लागू कराने व गन्ना मूल्य 600 रुपये घोषित कराने हेतु मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम ज्ञापन भी सौंपा। इसके बाद अनुराग चौधरी के नेतृत्व में सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के साथ किसान शहर के बीच से होते हुए आरटीओ कार्यालय की ओर कूच कर गए। आरटीओ परिसर किसानों की ट्रॉलियों से पूरी तरह भर गया। किसानों ने परिसर में ही भट्टी चढ़ाकर पुलाव-रायते का भंडारा चलाया। परिसर में मेजर चिंदौड़ी की अध्यक्षता व हर्ष चाहल के संचालन में पंचायत हुई, जिसमें एआरटीओ परिवर्तन विकास यादव एवं एआरटीओ सुधांशु रंजन मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने किसानों को आश्वस्त किया कि उनकी मांगें उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जाएंगी और तब तक कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा -
एमडीए हो या परिवहन विभाग, किसी भी तानाशाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जब मेरठ विकास के नए कीर्तिमान बना रहा है, तो एमडीए सैकड़ों कच्ची कॉलोनियों और महानगर के मुख्य मार्गों को उजाड़ना चाह रहा है। उन्होंने मांग की कि दिल्ली की तर्ज पर उत्तर प्रदेश की कच्ची कॉलोनियों को नियमित किया जाए और नियमावली में संशोधन कर बसे-बसाए महानगर को राहत दी जाए। जब तक अधिनियम में संशोधन न हो, किसी गरीब की छत न तोड़ी जाए। उन्होंने आवास विकास परिषद पर निशाना साधते हुए कहा कि परिषद का सेटबैक नियम 1980 के दशक का है, जबकि आज हवा-पानी के सैकड़ों विकल्प बाजार में हैं। परिषद को सुप्रीम कोर्ट में पक्ष रखकर नियमावली में संशोधन कराना चाहिए था।
गन्ना किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार यूरिया, खाद, डीजल के दाम बढ़ा रही है, जबकि गन्ने का दाम महंगाई के अनुपात में घट रहा है, जिससे खेती घाटे का सौदा बन गई है। इस दौरान विनोद, विनेश, हर्ष चाहल, मेजर सुरेन्द्र, वीरपाल, देशपाल, मोनू, सनी, बबलू, सुनील, नरेश, महेंद्र, रामफल शर्मा, सुशील पटेल, ओंकार भदौड़ा आदि मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment