Breaking

Your Ads Here

Thursday, September 17, 2026

आसमान में बनेगा तिरंगा, मेरठ में पहली बार दिखेगा सूर्य किरण का शौर्य

 


-19-20 सितंबर को मोहिउद्दीनपुर में एयर शो, हॉक विमान दिखाएंगे रोमांचक करतब


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। मेरठ के आसमान में 19 और 20 सितंबर को भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एरोबैटिक टीम का रोमांच देखने को मिलेगा। पहली बार शहर में होने वाले इस एयर शो में नौ हॉक एमके-132 विमान एक साथ उड़ान भरकर आसमान में अलग-अलग फॉर्मेशन बनाएंगे।


परतापुर क्षेत्र के मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप में होने वाले इस प्रदर्शन के लिए तैयारियां की जा रही हैं। खास बात यह है कि सूर्य किरण टीम में मेरठ से जुड़े तीन स्क्वाड्रन लीडर भी शामिल हैं। ऐसे में आसमान में उड़ान भरते विमानों के साथ मेरठ के तीन सपूतों का प्रदर्शन भी शहर के लिए गौरव का क्षण होगा। एयर शो में हॉक एमके-132 विमान लूप, बैरल रोल, उल्टी उड़ान और डीएनए मैनूवर समेत कई एरोबैटिक फॉर्मेशन का प्रदर्शन करेंगे। बेहद कम अंतर पर विमानों की सटीक टाइमिंग और एक-दूसरे के साथ सामंजस्यपूर्ण उड़ान दर्शकों के लिए खास आकर्षण होगी। एयर शो में स्क्वाड्रन लीडर अमन गोयल, स्क्वाड्रन लीडर राहुल सिंह और स्क्वाड्रन लीडर शरद गोयल की मौजूदगी मेरठ के लिए खास होगी। तीनों अधिकारी सूर्य किरण एरोबैटिक टीम का हिस्सा हैं। इससे मेरठ में होने वाले इस प्रदर्शन का स्थानीय जुड़ाव भी खास हो गया है। आसमान में केसरिया, सफेद और हरे रंग की धुएं की लकीरें भी नजर आएंगी। हॉक विमानों में नासिक स्थित वायुसेना के बेस रिपेयर डिपो में विकसित स्वदेशी स्मोक पॉड्स का इस्तेमाल किया जाएगा। इनके जरिए विमानों के पीछे तिरंगे के रंगों की छटा दिखाई देगी।


दर्शकों के लिए खास इंतजाम

एयर शो को देखने के लिए न्यू इंटीग्रेटेड टाउनशिप में व्यवस्थाएं की जा रही हैं। दर्शकों के लिए खुले पंडाल की व्यवस्था होगी। इसके अलावा प्रवेश मार्ग, खान-पान, वीआईपी और वीवीआईपी व्यवस्था के साथ सुरक्षा एवं भीड़ प्रबंधन के इंतजाम किए जा रहे हैं। राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने बताया कि मेरठ में एयर शो आयोजित कराने का प्रस्ताव उन्होंने 13 मई को भेजा था, जिसे आठ सितंबर को मंजूरी मिली। उत्तर प्रदेश में सूर्य किरण एरोबैटिक टीम का यह दूसरा एयर शो है। इससे पहले लखनऊ में टीम प्रदर्शन कर चुकी है। उन्होंने कहा कि टीम में मेरठ से जुड़े तीन स्क्वाड्रन लीडरों का होना शहर के लिए विशेष गौरव की बात है।


न्यू टाउनशिप में दर्शकों के बैठने की व्यवस्था

जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने बताया कि मोहिउद्दीनपुर स्थित न्यू टाउनशिप में दर्शकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। प्रशासन की ओर से एयर शो के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। 19 और 20 सितंबर को मेरठ का आसमान सूर्य किरण के विमानों की कलाबाजियों और तिरंगे की रंगीन लकीरों से सजेगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here