Breaking

Your Ads Here

Friday, September 25, 2026

विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी ने की विकास कार्यों की मासिक समीक्षा, समयबद्धता एवं गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह की अध्यक्षता में विकास एवं निर्माण कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्माणाधीन परियोजनाओं की नियमित मॉनीटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा परियोजनाओं के हैंडओवर से पूर्व उनकी गुणवत्ता एवं पूर्णता की भली-भांति जांच कराते हुए संबंधित विभाग को हस्तांतरण की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने धीमी प्रगति वाली परियोजनाओं में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप आवश्यक कार्यवाही करते हुए प्रगति में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए। कार्यों की लगातार मॉनीटरिंग की जाए तथा बजट की आवश्यकता होने पर समय से पत्र प्रेषित किया जाए।


फैमिली आईडी की प्रगति की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने खराब प्रगति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बीडीओ द्वारा अपेक्षित रुचि न लिए जाने पर अग्रिम आदेशों तक उनका वेतन बाधित करने के निर्देश दिए। साथ ही कृषि, प्रोबेशन, स्वास्थ्य, समाज कल्याण एवं श्रम विभाग के अधिकारियों को भी चेतावनी देते हुए निर्देशित किया कि एक सप्ताह के भीतर फैमिली आईडी में अपेक्षित सुधार लाया जाए। सुधार न होने की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी एवं जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को फैमिली आईडी की नियमित मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए। सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों एवं योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने खराब प्रगति वाले विभागों के प्रति नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अपनी रैंक में सुधार के लिए योजनाओं में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि किसी विभाग के खराब प्रदर्शन का प्रभाव जनपद की समग्र रैंकिंग पर पड़ता है। अतः सभी अधिकारी अपने-अपने विभागीय लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करते हुए समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करें। अपेक्षित सुधार न होने पर संबंधित के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


जिलाधिकारी ने गौशालाओं का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने, पीएमजीएसवाई में शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने तथा विकास कार्यों की मुख्य विकास अधिकारी द्वारा लगातार मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां भी कार्यों के क्रियान्वयन में समस्या आ रही है, उसका तत्काल समाधान कराया जाए तथा विकास कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें समय से पूर्ण कराया जाए। बैठक में निर्माणाधीन परियोजनाओं, पेंशन योजनाओं, सड़क निर्माण, जल जीवन मिशन, विभागीय बजट व्यय, सीएम ग्रिड, ऑपरेशन कायाकल्प, मॉडल स्कूल, पोषण, स्वास्थ्य विभाग की योजनाओं, समाज कल्याण विभाग, दिव्यांगजन विभाग, कृषि विभाग, बाल कल्याण विभाग, पंचायती राज विभाग की योजनाओं सहित ग्रामीण क्षेत्रों में जनहित से जुड़े विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, सीएमओ डॉ. राम प्रसाद, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी धर्मवीर सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शैलेश रॉय, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग सतेन्द्र सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेश कुमार गुप्ता, समस्त बीडीओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here