नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। अंतरराष्ट्रीय सांकेतिक भाषा दिवस के अवसर पर बुधवार को पुलिस लाइन मेरठ के ऑडिटोरियम हॉल में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सांकेतिक भाषा का प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम ऑल उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ द डेफ (AUPAD) के तत्वावधान में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन एवं प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन के नेतृत्व में आयोजित हुआ। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य मूक-बधिर एवं श्रवण व वाक् बाधित पीड़ित व्यक्तियों की समस्याओं को बेहतर ढंग से समझना, उनकी शिकायत एवं जानकारी को प्रभावी रूप से ग्रहण करना तथा उन्हें त्वरित एवं समुचित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने हेतु पुलिसकर्मियों को सक्षम बनाना रहा।
प्रशिक्षण के दौरान पुलिसकर्मियों को दैनिक पुलिस कार्यवाही में उपयोगी विभिन्न सांकेतिक शब्दों एवं संकेतों की जानकारी दी गई तथा मूक-बधिर व्यक्तियों के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने के व्यावहारिक तरीके समझाए गए। इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ, सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी पुलिस लाइन, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।


No comments:
Post a Comment