नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। शहीद मंगल पांडे राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में 'हिंदी पखवाड़ा' के अंतर्गत हिंदी विभाग द्वारा स्लोगन लेखन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन प्राचार्या प्रो. (डॉ.) अंजू सिंह के मार्गदर्शन एवं हिंदी विभाग की प्रो. (डॉ.) स्वर्णलता कदम के संयोजन में किया गया।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. (डॉ.) अंजू सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाषा हमारी अभिव्यक्ति एवं विचारों के आदान-प्रदान का सशक्त माध्यम है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएं छात्राओं में लेखन कौशल और समझ को विकसित करती हैं, इसलिए छात्राओं को हार-जीत की परवाह किए बिना प्रतियोगिताओं में अवश्य प्रतिभाग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज हिंदी विभिन्न क्षेत्रों में विस्तार कर रही है और विश्व पटल पर अपना महत्वपूर्ण स्थान बना रही है। उन्होंने सभी विजयी छात्राओं को बधाई दी।
प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. मनीषा भूषण एवं डॉ. पारुल मलिक उपस्थित रहीं।
प्रतियोगिता का परिणाम इस प्रकार रहा -
प्रथम स्थान - कु. इकरा एवं कु. शिवानी, बी.ए. तृतीय सेमेस्टर
द्वितीय स्थान - कु. आशिया, बी.ए. प्रथम सेमेस्टर
तृतीय स्थान - कु. शिया, बी.ए. तृतीय सेमेस्टर
सांत्वना पुरस्कार - कु. सुनैना एवं कु. शिवानी, बी.ए. पंचम सेमेस्टर
कार्यक्रम के अंत में संयोजिका प्रो. (डॉ.) स्वर्णलता कदम ने सभी का आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर महाविद्यालय परिवार के अनेक प्राध्यापकगण उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment