हस्तिनापुर थाने से 400 मीटर दूर दुस्साहसिक वारदात, बाइक सवार आधा दर्जन हमलावरों ने दो युवकों पर किया हमला
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ / हस्तिनापुर। हस्तिनापुर में बदमाशों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि थाना से महज 400 मीटर की दूरी पर ही सरेआम एक युवक की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। मृतक युवक दिल्ली पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर राज्य मंत्री दिनेश खटीक और एसएसपी अस्पताल पहुंचे।
जानकारी के मुताबिक, घटना शुक्रवार देर शाम हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के मवाना रोड की है। बताया जा रहा है कि लतीफपुर गांव निवासी दो युवक अपने घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान थाने से करीब 400 मीटर की दूरी पर पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार आधा दर्जन युवकों ने उन्हें रोक लिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में एक युवक को 3 से 4 गोलियां लगीं, जिससे वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ा। दूसरा युवक भी हमले में घायल बताया जा रहा है। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े तो हमलावर हवाई फायरिंग करते हुए बाइकों से फरार हो गए।
परिजनों का आरोप है कि 6 दिन पहले गांव में ही एक मामूली कहासुनी को लेकर झगड़ा हुआ था। उसी झगड़े के बाद आरोपियों ने खुलेआम हत्या की धमकी दी थी। परिजनों ने इसकी शिकायत पुलिस से भी की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
घायल युवकों को तुरंत सीएचसी हस्तिनापुर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल का उपचार चल रहा है। मृतक युवक की उम्र करीब 22-24 साल बताई जा रही है और वह पिछले एक साल से दिल्ली पुलिस की भर्ती के लिए दौड़ और तैयारी कर रहा था।
घटना की सूचना मिलते ही हस्तिनापुर पुलिस और आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी मेरठ डॉ. विपिन ताडा और प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री दिनेश खटीक भी जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की।
एसएसपी ने बताया कि "प्रथम दृष्टया मामला पुरानी रंजिश का लग रहा है। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर नामजद मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 3 टीमें गठित कर दी गई हैं। जल्द ही सभी आरोपी गिरफ्तार होंगे। थाने के इतने करीब वारदात होना गंभीर मामला है, जांच की जा रही है।"
वहीं राज्य मंत्री दिनेश खटीक ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाया जाएगा और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होगी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
No comments:
Post a Comment