Breaking

Your Ads Here

Tuesday, September 8, 2026

आर.जी. इंटर कॉलेज में तंबाकू मुक्त अभियान के तहत स्वास्थ्य परीक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम

 

नित्य संदेश ब्यूरो


मेरठ। राष्ट्रीय तंबाकू मुक्त कार्यक्रम एवं स्वास्थ्य जन-जागरूकता अभियान के अंतर्गत सोमवार को आर.जी. इंटर कॉलेज, मेरठ में स्वास्थ्य परीक्षण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, पुलिस लाइन स्वास्थ्य केन्द्र डॉ. अंकुर त्यागी एवं प्रधानाचार्या अंजू रानी के सहयोग से किया गया।



कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन स्वास्थ्य केन्द्र की टीम द्वारा छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जिसमें हीमोग्लोबिन जांच, रक्तचाप (बीपी) जांच एवं वजन मापन किया गया तथा आयरन, कैल्शियम एवं एल्बेंडाजोल की गोलियों का वितरण किया गया। विद्यालय की प्रधानाचार्या एवं अध्यापकों के सहयोग से छात्र-छात्राओं के बीच तंबाकू निषेध एवं स्वास्थ्य जागरूकता पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। बच्चों ने अपनी रचनात्मकता के माध्यम से तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट एवं गुटखा जैसे नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों तथा स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। पेंटिंग प्रतियोगिता में काजल, सोनाक्षी, चारू सहित अन्य छात्राओं ने प्रतिभाग किया।



कार्यक्रम में डॉ. अंकुर त्यागी ने छात्र-छात्राओं को "माँ आरोग्य मित्र" की अवधारणा के बारे में जागरूक किया। उन्होंने बताया कि "हर घर की पहली चिकित्सक माँ है, रसोई उसका औषधालय है, फल, सब्जियां और मसाले उस औषधालय की औषधियां हैं तथा घर के सदस्य उसके रोगी हैं।" उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार एवं समय पर स्वास्थ्य जांच के माध्यम से परिवार में बढ़ रहे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा एवं कैंसर जैसे गैर-संचारी रोगों की रोकथाम में परिवार की मातृशक्ति महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे "माँ आरोग्य मित्र" की भूमिका निभाते हुए अपने परिवार में स्वास्थ्य जागरूकता की शुरुआत करें तथा परिवार के सदस्यों को तंबाकू, बीड़ी, सिगरेट और गुटखा छोड़ने के लिए प्रेरित करें। कार्यक्रम में प्रधानाचार्या अंजू रानी, अध्यापिका संगीता, रीता, साक्षी, अमिता चौधरी तथा पुलिस लाइन स्वास्थ्य केन्द्र से डॉ. इमरान, एएनएम मोनिका, कोमल, नेहा, रीना, स्टाफ नर्स स्नेहा, विकास सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम उपस्थित रही।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here