रवि गौतम
नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। आलमगीरपुर-बढ़ला मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक सवार मां-बेटे को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में 18 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल है।
ग्राम सौंदत निवासी जुबेर (18) पुत्र तरीकत अपनी मां शहनाज को परीक्षितगढ़ से
दवा दिलाकर बाइक से गांव लौट रहा था। जैसे ही वह आलमगीरपुर-बढ़ला मार्ग पर पहुंचा,
सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। आसपास के लोगों ने परिजनों को
सूचना दी। थाना प्रभारी केदार सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को मेरठ के
निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां जुबेर ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर से परिवार
और गांव में शोक छा गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया
है।
बताया गया कि मृतक दो भाई और तीन बहनों में सबसे बड़ा था और कक्षा 10 का छात्र
था। समाचार लिखे जाने तक तहरीर नहीं दी गई थी। घटना के बाद थाने पहुंचे प्रधान
कलवा, मुनकाद, हाजी मुन्नर, कांग्रेस नेता फैसल अहमद, इमरान ठेकेदार आदि ने थाना
प्रभारी से वार्ता की। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

No comments:
Post a Comment