नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन अवसर पर रिजर्व पुलिस लाइन मेरठ में श्रीकृष्ण जन्मोत्सव का भव्य आयोजन हर्षोल्लास, श्रद्धा और भक्तिमय वातावरण में किया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन, पुलिस उप महानिरीक्षक मेरठ परिक्षेत्र, जिलाधिकारी मेरठ और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर जनपद के अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, पुलिसकर्मी और उनके परिजन भी मौजूद रहे।
पुलिस लाइन परिसर को आकर्षक रूप से सजाया गया था और भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकियां सजाई गईं। कार्यक्रम के दौरान भजन-कीर्तन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और उनकी लीलाओं का भावपूर्ण प्रस्तुतिकरण किया गया। उपस्थित अधिकारियों और श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की।
मध्य रात्रि में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के बाद पूजा-अर्चना और महाआरती की गई तथा उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। पूरे आयोजन के दौरान रिजर्व पुलिस लाइन परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा और जन्माष्टमी पर्व सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
No comments:
Post a Comment