Breaking

Your Ads Here

Wednesday, September 30, 2026

मेरठ जेल में हाईटेक सुरक्षा: लगी एक्स-रे बैगेज स्कैनर मशीन



-सामान के भीतर छिपी वस्तुओं की 2D और 3D तस्वीर दिखेगी साफ


लियाकत मंसूरी

नित्य संदेश, मेरठ। जिला कारागार मेरठ में सुरक्षा व्यवस्था को हाईटेक कर दिया गया है। जेल के मुख्य द्वार पर आधुनिक एक्स-रे बैगेज स्कैनर मशीन स्थापित की गई है। जिस केबिन के अंदर मशीन लगी है, वहां शीशे पर साफ लिखा है - "कृपया सामान की जाँच यहाँ कराएं।"


जेल प्रशासन के मुताबिक, अभी तक बंदियों से मिलने आने वाले मुलाकातियों और सामान की मैन्युअल यानी हाथ से जांच की जाती थी, जिससे कई बार दोहरे तल वाले बैग, डिब्बों और कपड़ों में छिपाकर लाई गई चीजें पकड़ में नहीं आती थीं। नई मशीन मल्टीलेयर डुअल व्यू एक्स-रे तकनीक से लैस है, जो सामान के भीतर छिपी वस्तुओं की 2D और 3D तस्वीर दिखा देती है। इससे मोबाइल फोन, सिम कार्ड, चाकू, कारतूस, हथियार और मादक पदार्थ जैसी प्रतिबंधित वस्तुओं की पहचान तुरंत हो सकेगी। मशीन में कैमरे भी लगे हैं, जिसमें करीब एक महीने तक का रिकॉर्ड सुरक्षित रहेगा। नई व्यवस्था में पहले सामान को एक्स-रे मशीन से गुजारा जाएगा, उसके बाद जरूरत के अनुसार मैन्युअल चेकिंग भी जारी रहेगी।


यूपी की अन्य जेलों में भी ऐसी सुविधा

यह सुविधा सिर्फ मेरठ में नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर प्रदेश की संवेदनशील और हाई-सिक्योरिटी जेलों की सुरक्षा बढ़ाई जा रही है। सरकार ने 5 हाई-सिक्योरिटी जेलों - जिला जेल लखनऊ, आजमगढ़, चित्रकूट, गौतमबुद्ध नगर और सेंट्रल जेल बरेली में डुअल व्यू बैगेज स्कैनर, फुल बॉडी स्कैनर, एआई युक्त सीसीटीवी और मुलाकात कक्ष के लिए कांटेक्टलेस शीशे लगाए हैं। मेरठ जेल को भी संवेदनशील श्रेणी में मानते हुए यहां यह मशीन लगाई गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस तकनीक से ऑर्गेनिक और इनऑर्गेनिक पदार्थों को अलग-अलग पहचानने में मदद मिलेगी, जिससे खाद्य सामग्री में छिपाई गई संदिग्ध वस्तु भी पकड़ी जा सकेगी।


जेल के अंदर लगी 20 लाख की बेकरी यूनिट

वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि जेल में 20 लाख की बेकरी यूनिट भी लग गई है, जिससे बंदियों को रोजगार प्रशिक्षण मिलेगा। उन्होंने यह भी बताया कि बेकरी मशीन लगाने की पहल सांसद अरुण गोविल और जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह के प्रयासों से आगे बढ़ी है।


हाईटेक स्कैनिंग के बाद होगी जांच: वीरेश राज शर्मा

वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा के मुताबिक, जेल की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए गेट के बाहर आधुनिक एक्स-रे बैगेज स्कैनर मशीन स्थापित की गई है। पहले सामान की केवल मैन्युअल जांच होती थी, अब हाईटेक स्कैनिंग के बाद जांच की जाएगी। जल्द ही इसका औपचारिक उद्घाटन किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here