रवि गौतम
नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। डी.एम. पब्लिक स्कूल के कक्षा UKG से कक्षा 4 तक के विद्यार्थियों ने शुक्रवार को ऐतिहासिक नगरी हस्तिनापुर का शैक्षिक भ्रमण किया। ज्ञान और मनोरंजन से भरपूर इस यात्रा को लेकर बच्चों में सुबह से ही खासा उत्साह दिखाई दिया। विद्यालय से रवाना होते समय विद्यार्थियों के चेहरों पर उत्सुकता और उमंग साफ झलक रही थी।
हस्तिनापुर पहुंचकर विद्यार्थियों ने यहां की ऐतिहासिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को करीब से जाना। शिक्षकों ने विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों के बारे में बच्चों को जानकारी देते हुए उनके इतिहास और महत्व से परिचित कराया। किताबों में पढ़ी गई ऐतिहासिक जानकारियों को प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर पाकर बच्चे बेहद उत्साहित नजर आए। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न गतिविधियों में भाग लिया और अपने सहपाठियों के साथ आनंदपूर्वक समय बिताया। बच्चों ने यात्रा के दौरान अपने अनुभव साझा किए और कई यादगार पलों को कैमरे में भी कैद किया।
.jpeg)
विद्यालय के डायरेक्टर रविंद्र चौधरी व भागेश्वरी चौधरी ने कहा कि डी.एम. पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है। शिक्षा के साथ-साथ बच्चों को व्यावहारिक ज्ञान और अनुभव प्रदान करना विद्यालय की प्राथमिकताओं में शामिल है। विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद सिंह ने कहा कि शैक्षिक भ्रमण विद्यार्थियों की सीखने की प्रक्रिया को अधिक रोचक और प्रभावी बनाते हैं। ऐसे भ्रमण से बच्चों को कक्षा की चारदीवारी से बाहर निकलकर इतिहास, संस्कृति और समाज को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिलता है।
विद्यालय के शिक्षकों ने पूरे भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया और उनकी सुरक्षा एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखा। हस्तिनापुर की यह शैक्षिक यात्रा बच्चों के लिए ज्ञान, उत्साह और आनंद से भरा एक यादगार अनुभव साबित हुई।

No comments:
Post a Comment