Breaking

Your Ads Here

Thursday, September 10, 2026

खेल व्यक्तित्व-निर्माण का महत्वपूर्ण घटक है : डॉ. राममनोहर




सरस्वती शिशु मंदिर में 37वें प्रांतीय खेलकूद समारोह-2026 का भव्य शुभारंभ

शाहिद खान 
नित्य संदेश,।सुल्तानपुर : स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज, सिरवारा मार्ग में विद्या भारती काशी प्रांत (नगरीय) के तत्वावधान में त्रिदिवसीय "37वां प्रांतीय खेलकूद समारोह-2026" का भव्य एवं गरिमामय शुभारंभ हुआ।

समारोह का उद्घाटन मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव एवं क्षेत्रीय सह संगठन मंत्री डॉ. राममनोहर द्वारा ध्वजारोहण, माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और पुष्पार्चन के साथ किया गया। छात्रा मांडवी एवं मेधावी छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

कार्यक्रम के प्रारंभ में विद्यालय के प्रधानाचार्य युगल किशोर मिश्र ने अतिथियों का परिचय कराते हुए अंगवस्त्र एवं स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया। प्रदेश निरीक्षक शेषधर द्विवेदी ने प्रस्ताविकी वक्तव्य में खेलों के माध्यम से अनुशासन, राष्ट्रभावना, आत्मविश्वास और शारीरिक सौष्ठव के विकास पर प्रकाश डाला।

समारोह में पूर्व विजेता खिलाड़ियों द्वारा क्रीड़ा-ज्योति प्रज्ज्वलित की गई तथा विभिन्न जनपदों से आए भैया-बहनों को खेल भावना, अनुशासन एवं निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा की शपथ दिलाई गई। उद्घाटन सत्र में आर्या, वैष्णवी, सौम्या पाण्डेय और मांडवी द्वारा मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।

इस अवसर पर लम्भुआ के पूर्व विधायक देवमणि, जिला महामंत्री अयोध्या वर्मा सहित नगर के गणमान्य नागरिक, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाचार्य, आचार्यगण एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

अपने उद्बोधन में डॉ. राममनोहर ने कहा कि खेल केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की सशक्त पाठशाला है। खेल व्यक्ति में अनुशासन, धैर्य, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, सहयोग की भावना तथा संघर्षशीलता जैसे जीवन-मूल्यों का विकास करता है।

अध्यक्षीय आशीर्वचन के पश्चात सुल्तानपुर संकुल प्रमुख राकेश मणि त्रिपाठी ने सभी अतिथियों, आचार्यों एवं प्रतिभागी खिलाड़ियों के प्रति आभार व्यक्त किया। समारोह का समापन राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ के सामूहिक गान के साथ हुआ।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here