नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। थाना बहसूमा पुलिस ने चोरी की बड़ी वारदात का सफल अनावरण करते हुए पुलिस मुठभेड़ में 1 बदमाश को घायल अवस्था में सहित दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की 1.43 लाख नकदी, सोने-चांदी के आभूषण, अवैध तमंचा-कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 25.08.2026 को वादी जितेन्द्र सिंह पुत्र स्व. नैन सिंह निवासी मो. मारकपुरिया, कस्बा व थाना बहसूमा ने तहरीर दी थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर करीब 2 लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, चांदी के सिक्के और लाइसेंसी राइफल के कारतूस चोरी कर लिए हैं। इस संबंध में थाना बहसूमा पर मु.अ.सं. 163/2026 धारा 331(4)/305(a) BNS के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाये जा रहे अभियान के तहत SP ग्रामीण के निर्देशन और CO मवाना के पर्यवेक्षण में थाना बहसूमा पुलिस टीम ने दिनांक 10.09.2026 की रात में ग्राम तजपुरा के बाहर ईंट भट्टे के पास नाले की पुलिया पर चेकिंग अभियान चलाया।
इसी दौरान मवाना-बहसूमा रोड की तरफ से मोटरसाइकिल पर आ रहे दो संदिग्धों को रुकने का इशारा किया तो वे भागने लगे। मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई और दोनों पैदल भागने लगे। पुलिस की आत्मसमर्पण की चेतावनी पर एक बदमाश ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली से हारुन पुत्र सदबुद्दीन घायल हो गया, जबकि उसके साथी महरूम पुत्र इसरार को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में दोनों ने 24/25 अगस्त की रात बहसूमा में हुई चोरी की वारदात को अंजाम देना कबूल किया।
बरामदगी -
पुलिस ने अभियुक्तों की निशानदेही पर कुल 1,43,500 रुपये नकद, 02 पीली धातु के बिस्किट (10-10 ग्राम), 02 लेडीज अंगूठी, 01 डायमंड जड़ित अंगूठी, 01 जोड़ी कुंडल, 01 जोड़ी टॉप्स, 01 माथे का टीका, 03 जोड़ी पाजेब सफेद धातु, 01 तगड़ी, गणेश जी की मूर्ति, सफेद धातु के सिक्के, 01 तमंचा 315 बोर, 01 जिंदा व 01 खोखा कारतूस और हीरो HF डीलक्स मोटरसाइकिल (UP20CQ****) बरामद की है।
घायल बदमाश हारुन को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। बरामदगी और मुठभेड़ के आधार पर मुकदमे में धारा 109(1) BNS व 3/25/27 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त -
1. हारुन पुत्र सदबुद्दीन निवासी ग्राम बड़खला, थाना कोतवाली नगर, जनपद बिजनौर, उम्र 45 वर्ष (घायल)
2. महरूम पुत्र इसरार निवासी ग्राम टंडेरा, थाना ककरौली, जनपद मुजफ्फरनगर, उम्र 28 वर्ष
पुलिस के अनुसार अभियुक्त हारुन पर बिजनौर के विभिन्न थानों में चोरी व अन्य संगीन धाराओं में 5 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
No comments:
Post a Comment