-मेरठ में वायरल हुआ एआई रेट्रो ट्रेंड, सांसद, विधायक भी दौड़े
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। सोशल मीडिया पर इन दिनों 1980 के दशक वाला रेट्रो ट्रेंड छाया हुआ
है। मेरठ में भी यह ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। भाजपा, सपा और रालोद के
जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और साहित्यकार एआई की मदद से अपनी तस्वीरों को 80
के दशक के अंदाज में बदलकर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। इस ट्रेंड में चेहरे
की पहचान वही रहती है, लेकिन कपड़े, हेयर स्टाइल, बैकग्राउंड, लाइटिंग और फोटो की
क्वालिटी को एआई के जरिए 80 के दशक के बॉलीवुड हीरो जैसा बना दिया जाता है। यह एक
डिजिटल टाइम मशीन की तरह काम कर रहा है, जिसमें लोग दिखा रहे हैं कि अगर वे 1980
के दशक में होते तो कैसे दिखते।
मेरठ में इस ट्रेंड को सबसे ज्यादा नेताओं ने अपनाया है। भाजपा पश्चिम के
क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर ने अपनी रेट्रो तस्वीर शेयर करते हुए
कैप्शन लिखा - "बेशक उम्र 80 के दशक से बाहर आ गई है, लेकिन
समाजसेवा, जनसेवा का जुनून आज भी वैसा ही है।" इसी तरह विधान परिषद
सदस्य धर्मेंद्र भारद्वाज, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, पूर्व
सांसद राजेंद्र अग्रवाल, भाजपा नेता कमलदत्त शर्मा, क्षेत्रीय
महामंत्री संजीव गोयल सिक्का, क्षेत्रीय मंत्री अजय भारद्वाज भराला,
महानगर पदाधिकारी रवीश अग्रवाल, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश
अध्यक्ष देवेंद्र सिंह, पूर्व क्षेत्रीय मंत्री इंद्रपाल बजरंगी, पूर्व
महानगर अध्यक्ष सुरेश जैन ऋतुराज और महिला नेत्री सीमा
श्रीवास्तव ने भी अपनी 80s लुक वाली तस्वीरें पोस्ट की हैं।
पसंद की जा रही अतुल और सौरभ की तस्वीरें
समाजवादी पार्टी से सरधना विधायक अतुल प्रधान और उनके
साथी विपिन नागर की स्टाइलिश रेट्रो तस्वीर भी खूब वायरल हो रही है।
रालोद नेता अर्जुन ढिंढाला और विख्यात कवि सौरभ जैन सुमन ने
भी इस ट्रेंड को फॉलो करते हुए अपनी फोटो कोट्स के साथ शेयर की हैं। फेसबुक और
इंस्टाग्राम पर #RetroTrend और #80sLook हैशटैग के साथ ये तस्वीरें तेजी से वायरल
हो रही हैं और शहरवासी भी इसे खूब पसंद कर रहे हैं।
No comments:
Post a Comment