Breaking

Your Ads Here

Saturday, September 19, 2026

अनुरक्षण माह: प्रबंध निदेशक ने किया 33/11 केवी उपकेंद्र सेंटल्यूक्स का औचक निरीक्षण

 

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लि. द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक अनुरक्षण माह मनाया जा रहा है। इसके तहत निगम के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (आईएएस) ने शुक्रवार को 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र सेंटल्यूक्स, मेरठ का औचक निरीक्षण किया।


निरीक्षण के दौरान प्रबंध निदेशक ने उपकेंद्र में स्थापित विद्युत उपकरणों, पावर ट्रांसफार्मर और विद्युत लाइनों के अनुरक्षण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पावर ट्रांसफार्मर के तापमान एवं ऑयल स्तर की जांच के निर्देश दिए और उपकेंद्र परिसर व यार्ड की साफ-सफाई तथा रख-रखाव व्यवस्था का जायजा लिया। प्रबंध निदेशक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी अनुरक्षण कार्य निर्धारित मानकों एवं सेफ्टी प्रोटोकॉल के अनुरूप किए जाएं, किसी भी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए और अनुरक्षण माह के सभी कार्य समयबद्ध रूप से पूरे किए जाएं। उन्होंने लॉगशीट, शिकायत रजिस्टर, ब्रेकडाउन एवं शटडाउन रजिस्टर सहित अन्य अभिलेखों की भी जांच की।



उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा हेल्पलाइन नंबर 1912 एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई की जाए। निरीक्षण के दौरान स्टाफ ऑफिसर सोनम सिंह, अधिशासी अभियंता (11 केवी) प्रशांत सोनी, अधिशासी अभियंता (33 केवी) मृत्युंजय शाही, सहायक अभियंता (11 केवी) मो. रजा, अवर अभियंता (11 केवी) उग्रसेन यादव सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here