नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मेरठ के विकास की नई तस्वीर पेश करता एक शानदार वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। यह वीडियो डेवलपमेंट एजेंसी की ओर से जारी किया गया है, जिसमें रात के समय ड्रोन से शूट किए गए दृश्यों में बदलते मेरठ का विहंगम नजारा दिख रहा है।
वीडियो में नीचे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे का ड्रोन व्यू नजर आ रहा है, जिसके पैरलल में दिल्ली से उत्तराखंड-हरिद्वार को जोड़ने वाला हाईवे रंगीन लाइटों से जगमगाता हुआ दिखाई दे रहा है। इसी जगमगाते रूट के ऊपर 145 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ती नमो भारत रैपिड ट्रेन का विहंगम दृश्य इस वीडियो को और भी आकर्षक बना रहा है।
दिल्ली-मेरठ को जोड़ने वाली यह हाईस्पीड नमो भारत ट्रेन महज 45 मिनट में दिल्ली से मेरठ की दूरी तय करती है। वीडियो में रैपिड ट्रेन और मेट्रो ट्रेन के साथ-साथ मेरठ का अनूठा 3 लेयर ट्रैफिक सिस्टम भी साफ दिखाई दे रहा है, जो मेरठ के बुनियादी ढांचे में हुए बड़े बदलाव की गवाही दे रहा है।
बताया जा रहा है कि अब रैपिड ट्रेन को मेरठ से आगे उत्तराखंड तक जोड़ने के प्रोजेक्ट पर जल्द काम शुरू होने वाला है। साथ ही दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेस-वे के विस्तार की योजना पर भी कार्य प्रगति पर है, जिससे मेरठ की कनेक्टिविटी और भी मजबूत होगी।
No comments:
Post a Comment