नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय और विनायक विद्यापीठ, मोदीपुरम के संयुक्त तत्वावधान में विधानसभा स्तर पर महा रोजगार मेला-2026 का आयोजन किया गया।
मेले का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ. सत्य प्रकाश बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए, जबकि समापन समारोह में मेरठ कैंट विधायक माननीय श्री अमित अग्रवाल ने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम में संस्थान की प्रिंसिपल डॉ. अनुप्रीता शर्मा, निदेशक इंजी. विकास कुमार, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट हेड प्रवीण शर्मा और क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के डिप्टी डायरेक्टर शशि भूषण उपाध्याय ने अतिथियों का बुके देकर स्वागत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद अतिथियों ने कंपनी प्रतिनिधियों से मुलाकात कर प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। कंपनियों ने प्रतिभागियों की योग्यता के आधार पर साक्षात्कार प्रक्रिया शुरू की।
इस महा रोजगार मेले में 38 राष्ट्रीय स्तर की कंपनियों ने प्रतिभाग किया। मेले में कुल 2610 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कर साक्षात्कार में हिस्सा लिया, जिनमें से 1759 अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। चयनित युवाओं का वेतन 10,000 रुपये से 35,000 रुपये प्रतिमाह के बीच रहा। पूरी चयन प्रक्रिया निःशुल्क रही।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि विधायक अमित अग्रवाल ने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया और कहा कि विकसित और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सबसे अग्रणी है। उन्होंने चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र देकर उनका हौसला बढ़ाया।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान की प्राचार्या डॉ. अनुप्रीता शर्मा ने सभी कंपनियों, अतिथियों और अभ्यर्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे रोजगारोन्मुखी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे ताकि युवाओं को बेहतर अवसर मिल सकें।
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक शशि भूषण उपाध्याय ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को रोजगार के साथ करियर को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण मंच हैं। इससे युवाओं को प्रतिष्ठित कंपनियों से सीधे जुड़ने का मौका मिलता है और उद्योगों को योग्य मानव संसाधन प्राप्त होता है।
मंच का संचालन मैनेजमेंट विभाग अध्यक्ष सुनील कुमार ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला सेवायोजन अधिकारी सचिन कुमार सिंह, ईश्वर सिंह, राजीव सपरा, सुदर्शन गिरि, अनिल वर्मा, प्रद्युम्न दीक्षित की सराहनीय भूमिका रही।
No comments:
Post a Comment