नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। थाना हस्तिनापुर पुलिस को नितिन नागर हत्याकांड में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान हत्या में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों में मुख्य आरोपी सत्या तोमर उर्फ मिठ्ठू भी शामिल है।
पुलिस ने बताया कि रविवार को जम्बूद्वीप नहर पुल के पास नहर पटरी पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की गई थी। इस दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नियत से फायरिंग कर दी। पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए और जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
1. सत्या तोमर उर्फ मिठ्ठू (19 वर्ष) पुत्र विवेक वर्धन उर्फ पिंकी चौधरी, निवासी जे-ब्लॉक, हस्तिनापुर 2. उत्सव यादव (18 वर्ष) पुत्र सुधीर यादव, निवासी ग्राम पाली, थाना हस्तिनापुर
बरामदगी:
आरोपी सत्या तोमर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त 01 अवैध देशी तमंचा .315 बोर, 01 जिंदा कारतूस और 01 खोखा कारतूस .315 बोर बरामद हुआ है।
11 सितंबर को की थी नितिन की हत्या -
गौरतलब है कि दिनांक 11.09.2026 को राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, हस्तिनापुर के पास सत्या तोमर, गोल्डी, ऋषभ, शक्ति, उत्सव यादव और एक अज्ञात व्यक्ति ने नाजायज असलहों से लैस होकर ग्राम माखननगर, थाना बहसूमा निवासी नितिन नागर पुत्र सतीश नागर पर हमला कर गोली मार दी थी। गंभीर रूप से घायल नितिन को सीएचसी हस्तिनापुर से एपेक्स नोवा अस्पताल, गंगानगर मेरठ ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में मृतक के पिता की तहरीर पर थाना हस्तिनापुर में मु0अ0सं0 209/2026 धारा 191(2)/191(3)/190/103(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसमें बाद में धारा 61(2)/109(1) बीएनएस व 3/25/27 आयुध अधिनियम की वृद्धि की गई।
एसएसपी मेरठ के निर्देश पर एसपी देहात के निर्देशन और सीओ मवाना के पर्यवेक्षण में आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही थी। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों को माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है और फरार चल रहे अन्य 4 आरोपियों की तलाश जारी है।
No comments:
Post a Comment