Breaking

Your Ads Here

Tuesday, September 15, 2026

सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण थीम पर 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान - मेरठ में 4 लाख से अधिक दीयों से होगा आगाज


लियाकत मंसूरी 
नित्य संदेश, मेरठ। जनपद में 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक "सेवा संकल्प अभियान" के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसके लिए कार्यक्रमवार कार्य विभाजन जारी कर सभी विभागों को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।

1. आशीर्वाद का दीया (17 सितम्बर) -
अभियान की शुरुआत का प्रमुख आकर्षण आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम होगा। इसके तहत सूरजकुंड पार्क में 25,000 दीपकों का मेगा दीपदान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसके नोडल नगर आयुक्त, नगर निगम मेरठ होंगे। 
जनपद के विभिन्न स्थलों पर कुल 4,01,144 दीयों का प्रज्ज्वलन किया जाएगा। इसमें नगर निगम द्वारा शहर के प्रत्येक चौराहे पर 150 दीये, मेरठ विकास प्राधिकरण द्वारा क्रांति धरा पार्क में 5000 दीये, बेसिक शिक्षा के 1068 विद्यालयों में 51-51 दीये, माध्यमिक शिक्षा के 414 विद्यालयों में 51-51 दीये, उच्च शिक्षा के 16 महाविद्यालयों में 151-151 दीये, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय एवं अन्य विश्वविद्यालयों, यूपीडीए, आरआरटीएस, ग्राम्य विकास, बाल विकास एवं पुष्टाहार, नगरीय विकास आदि विभागों द्वारा निर्धारित स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे।

इसी दिन रक्तदान शिविर का आयोजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मवाना एवं लाला लाजपतराय स्मारक मेडिकल कॉलेज मेरठ में किया जाएगा, जिसमें प्रति केंद्र 100 यूनिट रक्त संग्रहित करने का लक्ष्य है। साथ ही 40 लाभार्थियों को टूल किट का वितरण आईटीआईएमपी भवन, बच्चा पार्क मेरठ में अपरान्ह 01:00 बजे किया जाएगा।

2. मेरे सपनों का भारत (17 सितम्बर से 07 अक्टूबर) -
स्कूलों/कॉलेजों में चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कक्षा 5 से 8 तक ड्राइंग एवं कक्षा 9 से 12 तक भाषण प्रतियोगिता होगी।

3. नमो सेवा - अनकही कहानियां (18 सितम्बर से 15 अक्टूबर) -
जनपद स्तर पर तीन टोलियां बनाकर प्रतिदिन 2 से 3 स्थलों पर नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया जाएगा।

4. आंगन मिलन सेवा (25 सितम्बर से 07 अक्टूबर) -
कुल 2076 आंगनवाड़ी केंद्रों पर 3 दिवसीय उत्सव एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा।

5. सेवा की कहानी (रील्स व इन्फ्लुएंसर्स कनेक्ट) -
समस्त विभागों की योजनाओं से हुए बदलाव पर 5000 रील्स बनाई जाएंगी। प्रत्येक विभाग को 500-500 रील्स का लक्ष्य दिया गया है।

6. सेवा ज्योति कलश यात्रा (17 सितम्बर से 07 अक्टूबर) -
सर्किट हाउस चौराहे पर कलश स्थापना एवं एलईडी स्क्रीन पर प्रधानमंत्री के संबोधन का सजीव प्रसारण होगा।

7. सेवा मेरा योगदान (17 सितम्बर से 17 अक्टूबर) -
25 निर्धारित सेवा गतिविधियों में व्यापक जन सहभागिता के साथ प्रत्येक विधानसभा में न्यूनतम 2 स्थलों का कायाकल्प किया जाएगा।

8. सेवा सेतु अभियान (01 से 07 अक्टूबर) -
विकासखंड स्तर पर 7 दिवसीय बहुउद्देशीय सेवा शिविर, स्वास्थ्य मेला एवं विभागों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी।

9. सेवा के रंग, राष्ट्र के संग (07 अक्टूबर) -
चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में 108 मीटर व्यास का भारत मंडल एवं भव्य रंगोली का निर्माण किया जाएगा। इसमें केवल प्राकृतिक सामग्री - फूल, प्राकृतिक रंग एवं मिट्टी का उपयोग होगा।

विशेष कार्यक्रम -
शहीद स्मारक पर नमो सेवा थीम पर लेजर शो, 25 सितम्बर को पुस्तकालयों का लोकार्पण एवं ग्राम चौपाल, तथा जनपद के सात प्रमुख धार्मिक स्थलों - गंगोल तीर्थ, औघड़नाथ मंदिर, देवी मंदिर, रामराज शिव मंदिर / पांडेश्वर मंदिर, शंकरताला मंदिर, बिल्लेश्वर महादेव मंदिर एवं शिव मंदिर पर महायज्ञ एवं प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया जाएगा।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here