-राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने जिला गन्ना अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। गन्ना मूल्य के विलंबित भुगतान पर ब्याज का वर्षवार विवरण उपलब्ध
कराने की मांग को लेकर राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन (रजि.) ने जिला गन्ना अधिकारी को
ज्ञापन सौंपा है।
संगठन के जिलाध्यक्ष दिनेश प्रधान के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में कहा गया
है कि यदि किसानों को ब्याज का विवरण नहीं दिया गया तो किसान अनिश्चितकालीन
शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करेंगे। संगठन ने ज्ञापन में कहा है कि जनपद के किसान
सरकार की संग्रह नीति के अनुसार गन्ना समितियों के माध्यम से चीनी मिलों को गन्ना
आपूर्ति करते हैं, लेकिन चीनी मिलों द्वारा नियमानुसार 14 दिन के भीतर गन्ना मूल्य
का भुगतान नहीं किया जाता। ज्ञापन में उच्च न्यायालय के 16 जुलाई 2026 के आदेश का
हवाला देते हुए बताया गया है कि न्यायालय ने पेराई सत्र 1996-97 से 2025-26 तक के
सभी बकाया गन्ना मूल्य पर 14 दिन से अधिक की देरी पर 15% की दर से विलंबित भुगतान
ब्याज देने का आदेश दिया है। राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन ने बताया कि 20 अगस्त को
जनपद के गन्ना किसान अपने-अपने सत्र का विलंबित गन्ना मूल्य भुगतान के ब्याज का
वर्षवार विवरण लेने के लिए जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय पर पहुंचेंगे।
मांग: ब्याज का विवरण उपलब्ध कराएं
संगठन ने जिलाधिकारी और जिला गन्ना अधिकारी से अनुरोध किया है कि उक्त तिथि पर
जनपद की समस्त गन्ना समितियों के सचिव व जिला गन्ना अधिकारी स्वयं कार्यालय में
उपस्थित रहकर प्रत्येक किसान को उसके ब्याज का विवरण उपलब्ध कराएं, ताकि किसान को
पता चल सके कि उसे कितना ब्याज मिलना है।
हस्ताक्षर: ज्ञापन में 16 किसानों ने किया अनुरोध
ज्ञापन पर दिनेश प्रधान, जिला अध्यक्ष मेरठ के अलावा भारतीय किसान यूनियन के
प्रतिनिधि अनुराग चौधरी, अशोक सिंह मंडल अध्यक्ष मेरठ, हनीर सिंह तेवतिया
उपाध्यक्ष, दिनेश प्रधान, सतेंद्र सिंह दोदरी, विशाल चौधरी, सेनपाल, अर्पण कुमार,
प्रदीप, गजेंद्र, हरवीर सिंह, अनिल कुमार, राजकुमार भगवान सहित 16 किसानों के
हस्ताक्षर हैं।

No comments:
Post a Comment