नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। कैनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित 13 दिवसीय कृषि उद्यमी प्रशिक्षण कार्यक्रम का सफलतापूर्वक समापन हुआ। समापन समारोह में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले 25 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कैनरा बैंक के डीएम देवेश कुमार प्रसाद तथा कृषि विभाग से एस.एस.एस. अनिल कुमार उपस्थित रहे। संस्थान के निदेशक निशांत गौतम ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मुख्य अतिथियों का स्वागत किया तथा उनके मार्गदर्शन एवं सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में देवेश कुमार प्रसाद ने कहा कि कौशल विकास आधारित प्रशिक्षण प्रतिभागियों को आत्मनिर्भर एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से प्रशिक्षण के दौरान अर्जित ज्ञान एवं कौशल का उपयोग कर स्वरोजगार स्थापित करने तथा अन्य लोगों को भी आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का संचालन रमेश जोशी एवं माधुरी शर्मा ने किया। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षक श्री ऋषिपाल सिंह ने प्रतिभागियों को आधुनिक कृषि, उद्यमिता, व्यवसाय प्रबंधन एवं स्वरोजगार से संबंधित व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया। समापन अवसर पर मुख्य अतिथियों द्वारा सभी 25 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इस अवसर पर कार्यालय सहायक ओम विकास, रोहित यादव, रिशू, गुलफाम अली, संजू कुमार विश्वास, अरुण कुमार, इमरान, अनुज कुमार एवं आयुष प्रकाश सहित सभी प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य एवं सफल स्वरोजगार की शुभकामनाओं के साथ हुआ।
संस्थान द्वारा आगामी प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी:
असिस्टेंट बुक कीपर (कंप्यूटर अकाउंटिंग + GST) प्रशिक्षण बैच का शुभारंभ 17 अगस्त 2026 से किया जाएगा।
वुमेंस टेलर प्रशिक्षण बैच के लिए 25 अगस्त 2026 से पंजीकरण प्रारंभ होगा। इस प्रशिक्षण के लिए आवेदक की आयु 18 से 50 वर्ष तथा मेरठ जनपद का निवासी होना अनिवार्य है।
इच्छुक अभ्यर्थी अधिक जानकारी एवं पंजीकरण के लिए कैनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (RSETI), मेरठ से संपर्क कर सकते हैं।

No comments:
Post a Comment