Breaking

Your Ads Here

Wednesday, August 5, 2026

संदिग्ध परिस्थितयों में हुई युवक की मौत, परिवार में मचा कोहराम

 


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। बुधवार की दोपहर करीब एक बजे संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। बागपत गेट के पास ई-रिक्शा चालक युवक को सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को जिला अस्पताल ले गई। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।


पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के तारापुरी निवासी आस मोहम्मद उर्फ बबलू पुत्र फखरुद्दीन के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। वहां परिवार में कोहराम मच गया। मामला देहली गेट थाना क्षेत्र का है। आस मोहम्मद के बेटे फरहान ने बताया कि उनके पिता सब्जी मंडी में सब्जी बेचने का काम करते थे। बुधवार सुबह वह बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद रोज की तरह घर से निकले थे। कुछ देर बाद सूचना मिली कि उनकी तबीयत बिगड़ गई है और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की जानकारी मिलने पर सीओ कोतवाली संग्राम सिंह भी मौके पर पहुंचे और पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की गई और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि युवक को वहां छोड़कर फरार हुए ई-रिक्शा चालक की पहचान की जा सके।


सीओ बोले- शरीर पर चोट के निशान नहीं हैं

सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मृतक के शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले हैं। शुरुआती आशंका हार्ट अटैक से मौत की है, हालांकि वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और फरार ई-रिक्शा चालक की तलाश जारी है।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here