Breaking

Your Ads Here

Monday, August 24, 2026

चीनी को लेकर अफवाहों पर प्रशासन की मिठास भरी सख्ती

 




-डीएम ने कहा- मेरठ में भरपूर स्टॉक, जमाखोरी मिली तो होगा मुकदमा

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। चीनी की किल्लत की अफवाह से अगर आप भी जरूरत से ज्यादा चीनी खरीदने की तैयारी कर रहे हैं तो ठहर जाइए। जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि मेरठ में चीनी का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। बाजार में चीनी की उपलब्धता सामान्य है और आमजन को घबराकर अतिरिक्त खरीदारी करने की कोई जरूरत नहीं है। सोशल मीडिया पर चीनी की कमी को लेकर प्रसारित हो रहे संदेशों को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने भ्रामक बताते हुए लोगों से इन पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।


जिलाधिकारी ने कहा कि प्रदेश में वर्तमान में चीनी की पर्याप्त उपलब्धता है। जनसामान्य अपनी जरूरत के अनुसार खुले बाजार से चीनी आसानी से खरीद सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों के आधार पर अनावश्यक रूप से अधिक मात्रा में चीनी खरीदकर घर में रखने से बचें। प्रशासन ने चीनी के थोक कारोबारियों को भी अपने स्टॉक का पूरा ब्योरा देने के निर्देश दिए हैं। सभी थोक व्यापारियों को भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के पोर्टल पर चीनी के उपलब्ध स्टॉक की स्थिति तत्काल घोषित करनी होगी। इसके साथ ही स्टॉक की जानकारी नियमित रूप से अद्यतन करनी होगी। इससे बाजार में वास्तविक उपलब्धता की स्थिति पर प्रशासन की सीधी नजर रहेगी। चीनी की जमाखोरी और कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई की चेतावनी दी है। जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में थोक व्यापारियों के स्टॉक की आकस्मिक जांच कराई जाएगी। जांच में यदि किसी व्यक्ति या व्यापारी के स्तर पर चीनी की जमाखोरी अथवा कालाबाजारी सामने आती है तो आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कठोरतम विधिक कार्रवाई की जाएगी।



अफवाह से नहीं, जरूरत से खरीदें चीनी

प्रशासन का संदेश साफ है—चीनी की कमी नहीं है, इसलिए अफवाह के कारण बाजार में अनावश्यक दबाव बनाने की जरूरत नहीं। जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की कि वे अपनी आवश्यकता के अनुरूप ही खरीदारी करें और सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता सुनिश्चित करें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि बाजार में चीनी की उपलब्धता पर लगातार नजर रखी जा रही है।


चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध, अफवाहों पर न दें ध्यान

डीएम ने बताया कि प्रदेश में वर्तमान में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर चीनी की उपलब्धता को लेकर प्रसारित की जा रही अफवाहों पर ध्यान न दिया जाए। जनसामान्य अपनी आवश्यकता के अनुरूप चीनी खुले बाजार से आसानी से प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने जनपद के समस्त चीनी के थोक व्यापारियों से अपेक्षा की है कि भारत सरकार के खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के पोर्टल https://foodstock.dfpd.gov.in/ पर चीनी के स्टॉक की स्थिति तत्काल घोषित करें तथा उसे नियमित रूप से अद्यतन करते रहें।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here