मुकुल कुमार
नित्य संदेश, मेरठ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के खिलाफ शहर के कुछ स्थानों पर लगाए गए आपत्तिजनक पोस्टर-बैनर को लेकर समाजवादी पार्टी में भारी रोष है।
सोमवार को सपा के जिला महासचिव योगेन्द्र शौल्दा के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि इस प्रकार की अशोभनीय और अमर्यादित सामग्री लोकतांत्रिक और राजनीतिक मर्यादाओं के प्रतिकूल है। राजनीतिक मतभेद लोकतंत्र का स्वाभाविक हिस्सा है, लेकिन किसी भी नेता की व्यक्तिगत गरिमा को ठेस पहुँचाने वाली भाषा का प्रयोग सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ सकता है। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों में भारी आक्रोश है।
सपा नेताओं ने मांग की है कि इस प्रकरण की निष्पक्ष और तत्काल जांच कराई जाए, आपत्तिजनक पोस्टर-बैनरों को तुरंत हटवाया जाए और इसके लिए जिम्मेदार व्यक्तियों की पहचान कर नियमानुसार कठोर विधिक कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं।इस दौरान योगेन्द्र शौल्दा के साथ गुलजार मलिक, इमरान महासचिव, सावेज कार्यकारिणी सचिव, अब्दुल सत्तार, संदीप कुमार, दीपक सिरोही, डॉ. अय्यूब अली, रिफाकत चौहान, सुशील मन्त गौतम, अनुज खन्ना, आकाश बड़ाक, नकीब अब्बासी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

No comments:
Post a Comment