Breaking

Your Ads Here

Wednesday, August 19, 2026

सुप्रीम कोर्ट स्टेटस रिपोर्ट मांग रहा है तो क्लीन चिट की खबरें कहां से आई? - संजय सिंह



राम मंदिर ट्रस्ट घोटाले में SIT अध्यक्ष को संजय सिंह का पत्र, 26 दस्तावेजी सुबूतों के साथ मांगा मिलने का समय


नित्य संदेश ब्यूरो

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राम मंदिर ट्रस्ट के चंपत राय और अनिल मिश्रा को एसआईटी द्वारा 'क्लीन चिट' दिए जाने की खबरों पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट द्वारा स्टेटस रिपोर्ट मांगे जाने और मीडिया में क्लीन चिट की खबरों के अंतर्विरोध पर सवाल खड़े किए हैं। संजय सिंह ने एसआईटी अध्यक्ष किरन यस को औपचारिक पत्र लिखकर जमीन घोटाले से संबंधित कुल 26 दस्तावेज (13 पुराने और 13 नए) सौंपने के लिए 20 से 23 अगस्त के बीच का समय मांगा है। सांसद ने आरोप लगाया कि चंपत राय के हस्ताक्षर वाले ये दस्तावेज 2 करोड़ की जमीन 5 मिनट में साढ़े 18 करोड़ में खरीदने जैसे भ्रष्टाचार के पुख्ता प्रमाण हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि मुख्य आरोपियों को बचाना प्रभु श्री राम और राम भक्तों के साथ विश्वासघात है, जिसके खिलाफ वे कल लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे।


सांसद संजय सिंह ने कहा कि हिंदुस्तान दैनिक अखबार में खबर प्रकाशित हुई है कि चंपत राय और अनिल मिश्रा को एसआईटी ने क्लीन चिट दे दी है, जबकि दैनिक जागरण की 17 अगस्त की खबर के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट ने एसआईटी को जल्द जांच पूरी कर स्टेटस रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। संजय सिंह ने सवाल उठाया कि जब मामला अभी माननीय सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में है और स्टेटस रिपोर्ट मांगी जा रही है, तो आरोपियों को क्लीन चिट कैसे मिल गई? उन्होंने पूछा कि आखिर इन दोनों में से कौन सी खबर सही है, यह स्पष्ट होना चाहिए।भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाते हुए संजय सिंह ने कहा कि उन्होंने पूर्व में गठित एसआईटी को जमीन घोटाले से संबंधित 13 महत्वपूर्ण दस्तावेज सौंपे थे। इन दस्तावेजों में साफ है कि प्रभु श्री राम के नाम पर आए चंदे का दुरुपयोग किया गया। चंपत राय के हस्ताक्षरों वाले कागजात साबित करते हैं कि मात्र 5 मिनट के भीतर 2 करोड़ की जमीन को साढ़े 18 करोड़ रुपये में खरीदा गया। इसके अलावा 9 करोड़ की जमीन 55 करोड़ में और 1 करोड़ 73 लाख की जमीन 24 करोड़ में खरीदी गई, जो सीधे तौर पर भ्रष्टाचार है। सांसद संजय सिंह ने मामले की जांच कर रहे विशेष जांच दल (SIT) के अध्यक्ष किरन यस को पत्र लिखकर सभी साक्ष्य सौंपने के लिए समय मांगा है। पत्र में उन्होंने अवगत कराया है कि पूर्व में दिए गए 13 दस्तावेजों के अलावा उनके पास जमीन घोटाले से संबंधित 13 और नए दस्तावेज उपलब्ध हैं। संजय सिंह ने एसआईटी अध्यक्ष से अनुरोध किया है कि वे इन सभी 26 दस्तावेजों को प्राप्त करने के लिए 20 से 23 अगस्त के बीच का समय निर्धारित करें। उन्होंने कहा कि ये दस्तावेज प्रकरण की वास्तविकता को उजागर करने और तार्किक निष्कर्ष तक पहुँचने में जांच दल के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे।


मुख्य आरोपियों को क्लीन चिट देना प्रभु श्री राम के साथ धोखा है 

संजय सिंह ने तीखे स्वर में कहा कि चंपत राय और अनिल मिश्रा ही इस पूरे प्रकरण के मुख्य आरोपी हैं। इन्हीं लोगों की देखरेख में चढ़ावा चोरी, चंदा चोरी, आभूषण चोरी और निर्माण कार्य में चोरी को अंजाम दिया गया है। उन्होंने कहा कि जमीनों का इतना बड़ा घोटाला होने के बावजूद आरोपियों को क्लीन चिट मिलना बेहद अजीब और दुर्भाग्यपूर्ण है। संजय सिंह के अनुसार, राम मंदिर के नाम पर हुए इस भ्रष्टाचार को दबाना साक्षात प्रभु श्री राम के साथ छल करने जैसा है।


विवश न करें, जांच सही नहीं हुई तो खुद सारे सुबूत लेकर सुप्रीम कोर्ट जाऊंगा - संजय सिंह

एसआईटी को आगाह करते हुए संजय सिंह ने कहा कि वे जांच में पूरा सहयोग करना चाहते हैं, इसलिए समय मांग रहे हैं। उन्होंने कहा, "आप मुझे सुनिए, मुझे विवश मत कीजिए कि मैं खुद सुप्रीम कोर्ट जाऊं और ये सारे कागजात वहां रखूं।" उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि एसआईटी ने इन पुख्ता सुबूतों के आधार पर पारदर्शी जांच नहीं की, तो वे न्याय के लिए सीधे देश की सबसे बड़ी अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे ताकि राम भक्तों की गाढ़ी कमाई लूटने वालों को सजा मिल सके।


कल लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जनता के सामने रखूंगा सारे तथ्य 

सांसद ने घोषणा की कि वे कल लखनऊ में एक बड़ी प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेंगे। इस दौरान वे मीडिया के माध्यम से देश और प्रदेश की जनता के सामने फिर से उन सभी तथ्यों को रखेंगे जो भ्रष्टाचार को प्रमाणित करते हैं। उन्होंने कहा कि वे एसआईटी से मिलकर यह भी पूछेंगे कि पूर्व में दिए गए दस्तावेजों पर अब तक क्या प्रगति हुई है। संजय सिंह ने जोर देकर कहा कि पूरे देश की नजर इस जांच पर है और वे भ्रष्टाचार के इस मामले को दबने नहीं देंगे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here