Breaking

Your Ads Here

Saturday, August 8, 2026

भोलेनाथ के भक्तों पर सीएम योगी ने की श्रद्धा की पुष्पवर्षा

 


-सीएम ने कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्रावण मास की दशमी तिथि में भोलेबाबा के भक्तों पर श्रद्धा के पुष्प बरसाए। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर कांवड़ यात्रियों पर पुष्प वर्षा की। इस दौरान कांवड़ मार्ग से गुजर रहे शिवभक्तों पर हेलिकॉप्टर से भी पुष्पवर्षा की गई। कांवड़ यात्रियों के ‘हर-हर, बम-बम’ के उद्घोष से पूरा पश्चिमी उत्तर प्रदेश गुंजायमान हो उठा।


मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांवड़ यात्रा को भक्ति, समर्पण, सामाजिक व राष्ट्रीय एकता और समरसता का अनुपम उदाहरण बताया। उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से समस्त शिवभक्त कांवड़ यात्रियों का स्वागत व अभिनंदन किया। सीएम ने कांवड़ मार्ग का हवाई सर्वेक्षण, व्यवस्थाओं का जायजा लिया। आयोजन स्थल पर पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हेलिकॉप्टर से कांवड़ यात्रा का अवलोकन किया। उन्होंने प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए भोलेबाबा के भक्तों की श्रद्धा को नमन किया और प्रशासनिक अधिकारियों को कांवड़ यात्रियों की नियमित सुरक्षा, सम्मान, सुविधा आदि की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। पवित्र गंगाजल लेकर शिव मंदिरों में जलाभिषेक करने निकले कांवड़ यात्रियों द्वारा हर-हर बम-बम की गूंज से समूचा कांवड़ पथ गुंजायमान हो उठा। मुख्यमंत्री ने भोले के भक्तों पर पुष्पवर्षा कर उन्हें अहसास कराया कि यह आस्था का सम्मान करने वाली सरकार है।



भक्ति, समर्पण, एकता व समरसता का जीवंत उदाहरण

पुष्पवर्षा के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकारों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि श्रावण मास में पावन कांवड़ यात्रा अपने चरम की ओर बढ़ रही है। शिवभक्त कांवड़ यात्री हरिद्वार में हर की पैड़ी से गंगाजल लेकर पवित्र शिवालयों में जलाभिषेक करने की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। इस अभियान से लाखों शिवभक्त जुड़े हैं। आशा है कि गाजियाबाद से हरिद्वार के बीच चार-साढ़े चार करोड़ शिवभक्त सावन की शिवरात्रि तक इस कांवड़ यात्रा के संग गंगाजल लेकर पवित्र शिवालयों में जलाभिषेक करेंगे।


मेरठ में दिखा उत्साह, उमंग का माहौल

मुख्यमंत्री ने बताया कि मुजफ्फरनगर के शिवचौक में भी भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी है। मेरठ में मुझे जनप्रतिनिधियों संग कांवड़यात्रियों पर पुष्पवर्षा करने का अवसर प्राप्त हुआ है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ में बाबा औघड़नाथ मंदिर, गाजियाबाद में बाबा दूधेश्वर नाथ मंदिर, बागपत में पुरा महादेव मंदिर के साथ ही दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, हिमाचल प्रदेश के भी लाखों शिवभक्त श्रद्धा व उत्साहवर्धन के साथ कांवड़ यात्रा का हिस्सा बने हैं। सीएम ने कहा कि यहां उत्साह, उमंग का माहौल है। प्रशासन ने मुस्तैदी के साथ सुरक्षा की व्यवस्था की है।



पुष्पवर्षा के दौरान ये रहे मौजूद

इस अवसर पर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सोमेन्द्र तोमर, राज्यमंत्री जलशक्ति दिनेश खटीक, सांसद अरूण गोविल, सांसद बिजनौर चन्दन चौहान, सांसद बागपत राजकुमार सांगवान, राज्यसभा सांसद लक्ष्मीकांत बाजपेई, महापौर हरिकान्त अहलूवालिया, विधायक मेरठ कैंट अमित अग्रवाल, विधायक सिवालखास गुलाम मोहम्मद, एमएलसी धर्मेन्द्र भारद्वाज, एमएलसी अश्वनी त्यागी, जिलाध्यक्ष हरवीर पाल, महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तौगी, एडीजी भानु भास्कर, आयुक्त भानु चन्द्र गोस्वामी, डीआईजी कलानिधि नैथानी, जिलाधिकारी डा. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडे सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति व अधिकारीगण उपस्थित रहे। 

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here