Breaking

Your Ads Here

Saturday, August 8, 2026

शास्त्री नगर में "हरियाली तीज" का पर्व धूमधाम से मनाया गया



नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। सावन के पावन महीने में प्रकृति की हरियाली और भारतीय संस्कृति के रंगों से सराबोर "हरियाली तीज" का पर्व शास्त्री नगर स्थित बालेराम बृजभूषण सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मेरठ में बड़े उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।


सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की सांस्कृतिक समिति "स्वर संगम" के तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नारी शक्ति, भारतीय परंपराओं और लोक संस्कृति को नई पीढ़ी तक पहुँचाना रहा। विद्यालय की समस्त महिला अध्यापिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। सभी ने पारंपरिक हरे वस्त्र, चूड़ियां और मेहंदी से सजकर तीज के रंग में चार-चांद लगा दिए। विद्यालय परिसर को फूलों, झालरों और तीज के झूलों से सजाया गया था, जिससे पूरा माहौल सावनमय हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन बच्चों और शिक्षिकाओं में संस्कार, एकता और आत्मविश्वास का विकास करते हैं। कार्यक्रम की शुरुआत सावन के मधुर लोकगीतों से हुई। महिला अध्यापिकाओं ने कजरी, सावन के लोकगीत, बॉलीवुड एवं पारंपरिक गीतों पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किए। गीतों की धुनों पर पूरा परिसर झूम उठा। इसके पश्चात हास्य का तड़का लगाते हुए हास्य नाटिका और लघु नाटिका का मंचन किया गया, जिसने सभी को गुदगुदा दिया। कार्यक्रम में चुटकुले, शायरी, कविता और गजल की प्रस्तुतियों को सभी ने खूब सराहा। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक हिस्सा 1 मिनट का "सरप्राइजिंग गेम" और प्रश्नोत्तरी रहा, जिसमें अध्यापिकाओं ने मनोरंजन के साथ-साथ ज्ञानवर्धक प्रश्नों के उत्तर देकर उपहार भी जीते। कार्यक्रम का संचालन कल्पना चौरसिया एवं भावना गोस्वामी ने अपने मधुर वक्तव्य और कुशल मंच संचालन से किया।



तीन तीज क्वीन चुनी गईं -

कार्यक्रम के समापन पर पंजाबी, राजस्थानी और गुजराती परिधान एवं नृत्य थीम पर "तीज क्वीन" का चुनाव किया गया। जिसमें आरती गुप्ता, आयुषी गर्ग और हिमांशी सिंह को तीज क्वीन चुना गया। ताज पहनकर विजेताओं ने सभी का मन मोह लिया। इस सफल आयोजन में प्रधानाचार्य प्रभात कुमार गुप्ता, गीता अग्रवाल, सीमा श्रीवास्तव सहित समस्त स्टाफ का विशेष योगदान रहा। 


कार्यक्रम में सुधा गुप्ता, कविता अग्रवाल, प्राची गुप्ता, ममता गुप्ता, कल्पना गुप्ता, शर्मिष्ठा भाटी, सीमा गोयल, कोकिला सहित कई गणमान्य महिलाएं उपस्थित रहीं और उन्होंने कार्यक्रम की भूरि-भूरि प्रशंसा की। अंत में कार्यक्रम की संयोजिका श्रीमती अंजलि अग्रवाल ने सभी अतिथियों, प्रतिभागियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि स्वर संगम समिति आगे भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारतीय परंपराओं को जीवित रखने का प्रयास करती रहेगी।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here