
गाँधीजी के स्वदेशी संकल्प को साकार करता औद्योगिक भ्रमण
नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के अवसर पर माँ कनकेश्वरी देवी शासकीय महाविद्यालय, नंदानगर, इंदौर के विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के टी. एस. गोखले खादी ग्रामोद्योग एवं शोध संस्थान, परदेशीपुरा में औद्योगिक भ्रमण कराया गया।
इस अवसर पर क्षेत्र क्रमांक-2 के लोकप्रिय विधायक रमेश मेंदोला एवं जनप्रतिनिधि चंदू राव शिंदे ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए दैनिक जीवन में हैंडलूम एवं खादी उत्पादों के उपयोग का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्वदेशी उत्पादों को अपनाकर स्थानीय कारीगरों एवं बुनकरों को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी सशक्त बनाया जा सकता है।
प्राचार्य मेजर डॉ. संजय सोहनी ने कहा कि महात्मा गांधी ने यंग इंडिया में चरखे को राष्ट्र की समृद्धि, आत्मनिर्भरता और स्वतंत्रता का प्रतीक बताया है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वदेशी, खादी एवं स्थानीय उत्पादों को अपनाकर आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।

स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉ. स्मिता चैतन्य के मार्गदर्शन में आयोजित इस भ्रमण के दौरान परदेशीपुरा स्थित टी. एस. गोखले खादी ग्रामोद्योग एवं शोध संस्थान के कर्मचारी जयेश ने विद्यार्थियों को चरखा संचालन, सूत कातने तथा खादी वस्त्र निर्माण की संपूर्ण प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
इस अवसर पर डॉ. प्रगति जैन, डॉ. पुष्पा पठोते, डॉ. बबीता अग्रवाल सहित महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समन्वय स्वामी विवेकानंद कैरियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ द्वारा किया गया। कार्यक्रम में कला, वाणिज्य एवं विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। विद्यार्थियों ने खादी एवं हैंडलूम उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा देने तथा आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने का संकल्प लिया।
No comments:
Post a Comment