नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। स्वाट टीम नगर मेरठ ने आंध्र प्रदेश पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक अत्यंत सनसनीखेज अंतर्राज्यीय मामले में वांछित अभियुक्त को मेरठ से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्त को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना सर्पवरम, जनपद काकीनाडा, आंध्र प्रदेश पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के आदेश पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन में 22 अगस्त को स्वाट टीम नगर मेरठ और थाना सर्पवरम पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की। थाना सर्पवरम पर पंजीकृत मु0अ0सं0-260/2026 धारा 103(1)/308(5)/127(7)/351(3)/108/299 बीएनएस में वांछित अभियुक्त शेख सादिक खान (26 वर्ष) पुत्र शेख सिकंदर आजम खान निवासी दरवाजा येरुसु वारी वीथी, रामकृष्ण राव पेट, काकीनाडा को मेरठ से गिरफ्तार किया गया।
तीन लोगों की आत्महत्या का मामला -
जांच में सामने आया कि काकीनाडा जिले के पिठापुरम क्षेत्र में पंचायत राज विभाग में असिस्टेंट इंजीनियर के पद पर कार्यरत तील्लापुडी नूकाराजू (61 वर्ष), उनकी पत्नी मीना (59 वर्ष) और पुत्री सौजन्या (34 वर्ष) ने राजमुंदरी स्थित गोदावरी नदी के पुल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। उस समय परिवार के साथ मौजूद 10 वर्षीय बालक की जान बच गई थी। परिजनों के सुसाइड नोट और जांच में काकीनाडा की एक रायफल शूटिंग अकादमी के संचालक / कोच शेख सादिक खान पर परिवार को मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से प्रताड़ित करने, ब्लैकमेल कर जान से मारने की धमकी देकर बैंक खाते, आभूषण और संपत्ति हड़पने के आरोप लगे हैं। आरोप है कि सौजन्या के पति की मृत्यु के बाद अभियुक्त ने मदद के बहाने परिवार से निकटता बढ़ाई और बाद में दबाव बनाकर आर्थिक शोषण शुरू कर दिया। घटना के बाद से अभियुक्त फरार होकर मेरठ में छिपा हुआ था। सर्पवरम पुलिस की सूचना पर मेरठ स्वाट टीम ने जानकारी जुटाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार करने वाली टीम -
उप निरीक्षक मनीष शर्मा, प्रभारी स्वाट टीम नगर मेरठ मय टीम और थाना सर्पवरम, काकीनाडा पुलिस टीम।

No comments:
Post a Comment