रवि गौतम
नित्य संदेश, परीक्षितगढ़। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर डीएम पब्लिक स्कूल, परीक्षितगढ़ की छात्राओं ने देशभक्ति और भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश की।
विद्यालय की छात्राओं ने देश की रक्षा में समर्पित भारतीय वायुसेना के जवानों के लिए अपने हाथों से आकर्षक राखियाँ तैयार कीं। पूरे उत्साह और भावनात्मक जुड़ाव के साथ बनाई गई ये राखियाँ राजस्थान के एयरफोर्स स्टेशन सूरतगढ़ पर तैनात जवानों की कलाइयों पर सजेंगी। छात्राओं ने रंग-बिरंगे धागों, मोतियों और विभिन्न सजावटी सामग्रियों से राखियों को सुंदर रूप दिया। इन राखियों में वीर जवानों के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता की भावना साफ झलक रही थी।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के प्रेम का पर्व नहीं, बल्कि देश की रक्षा करने वाले वीर सैनिकों के प्रति सम्मान और अपनत्व व्यक्त करने का भी अवसर है। जवानों के लिए राखियाँ भेजना इसी भावना का प्रतीक है। इस अवसर पर प्रधानाचार्य विनोद सिंह, डायरेक्टर रविंद्र चौधरी एवं भागेश्वरी चौधरी ने छात्राओं के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस तरह की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में देशभक्ति, सामाजिक जिम्मेदारी और भारतीय संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करती हैं।

No comments:
Post a Comment