Breaking

Your Ads Here

Saturday, August 29, 2026

राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर सीसीएसयू में अन्तर महाविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं की तैयारियों को अंतिम रूप


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग में अन्तर महाविद्यालयीय खेल प्रतियोगिताओं 2026-27 के आयोजन के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। 

बैठक में विश्वविद्यालय के आगामी खेल सत्र के अन्तर्गत विभिन्न खेलों की अन्तर महाविद्यालयीय प्रतियोगिताओं के आयोजन, संबंधित महाविद्यालयों/संस्थानों में प्रतियोगिताओं की व्यवस्था, खेल स्थलों तथा आयोजन संबंधी तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, जलीय क्रीड़ाएं, बेसबॉल, बॉक्सिंग, क्रॉस-कंट्री, जिम्नास्टिक, शूटिंग, सॉफ्टबॉल, ताइक्वांडो, वुशू, कुश्ती, बेस्ट फिजीक, पावर लिफ्टिंग, नेटबॉल, सर्किल स्टाइल कबड्डी, योग, टग ऑफ वार, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, क्रिकेट, शतरंज, हैंडबॉल, हॉकी, जूडो, कराटे, कबड्डी, खो-खो, टेनिस, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, वेट लिफ्टिंग एवं फुटबॉल सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन की रूपरेखा को अंतिम रूप प्रदान किया गया। 

इन प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए विभिन्न संबद्ध महाविद्यालयों एवं संस्थानों को आयोजन स्थल के रूप में निर्धारित किया गया है। इनमें जे.वी.सी. बड़ौत, एस.पी.सी. बागपत, ए.एस.सी. लखावटी, ए.एस.सी. मवाना, एन.सी.पी.ई. डी. मणिकपुर, डी.एन.सी. मेरठ/गुलावठी, आर.एस.एस.सी. पिलखुवा, डी.पी.बी.एस.सी. अनूपशहर, एम.एम.एच. कॉलेज गाजियाबाद, जनहित इंस्टीट्यूट गाजियाबाद, जी.सी. हस्तिनापुर, श्री जी.सी. अहरा, एन.ए.एस. कॉलेज मेरठ, आर.जी. कॉलेज मेरठ, एच.आई.एल.एम. गाजियाबाद, के.डी.सी. शिम्भावली आदि प्रमुख आयोजन स्थल शामिल हैं। विश्वविद्यालय परिसर में भी कुछ प्रतियोगिताओं के आयोजन की योजना निर्धारित की गई है।

शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग द्वारा अन्तर महाविद्यालयीय प्रतियोगिताओं के आयोजन का विस्तृत स्पोर्ट्स कैलेंडर 2026-27 शीघ्र जारी किया जाएगा, जिसमें प्रत्येक खेल की प्रतियोगिता तिथि, आयोजन स्थल तथा संबंधित आवश्यक विवरण उपलब्ध कराया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन का उद्देश्य है कि सभी प्रतियोगिताओं का आयोजन सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं निर्धारित खेल नियमों के अनुरूप कराया जाए तथा अधिक से अधिक विद्यार्थियों को खेलों में प्रतिभाग करने का अवसर प्राप्त हो।

राष्ट्रीय खेल दिवस के क्रम में शेष खेल गतिविधियों का आयोजन 30 अगस्त 2026 को प्रातः चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के परिसर में किया जाएगा। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने, शारीरिक स्वास्थ्य एवं फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा विश्वविद्यालय में खेल संस्कृति को और अधिक सुदृढ़ करने का संदेश दिया जाएगा।

बैठक में प्रो. दिनेश कुमार, प्रोफेसर इंचार्ज, स्पोर्ट्स, शारीरिक शिक्षा एवं खेल विभाग के शिक्षकगण तथा संबंधित अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे। विश्वविद्यालय की ओर से आगामी सत्र में खेल गतिविधियों को और अधिक व्यापक एवं प्रभावी बनाने तथा विश्वविद्यालय के खिलाड़ियों को बेहतर अवसर एवं सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here