नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (PVVNL) द्वारा बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए लगाए जा रहे विशेष बिल संशोधन कैंपों का अंतिम अवसर आ गया है। ये कैंप 31 अगस्त 2026 तक आयोजित किए जाएंगे। डिस्कॉम प्रबंधन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते अपने नजदीकी कैंप में पहुंचकर अपनी समस्या का समाधान कराएं।
डिस्कॉम द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इन कैंपों में उपभोक्ताओं की शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर सुना जा रहा है और मौके पर ही निस्तारण किया जा रहा है। कैंपों की सफलता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि अब तक प्राप्त कुल 17,681 शिकायतों में से 17,384 शिकायतों का समाधान किया जा चुका है, जो लगभग 98 प्रतिशत है।
ये विशेष कैंप खंडीय, उपखंडीय कार्यालयों तथा सहायक अभियंता (वितरण/वाणिज्य) एवं अधिशासी अभियंता (वितरण/वाणिज्य) कार्यालयों में आयोजित किए जा रहे हैं। यहां उपभोक्ता अपने बिजली बिल में गड़बड़ी, मीटर संबंधी समस्या, टैरिफ परिवर्तन, मोबाइल नंबर/ई-मेल आईडी अपडेट सहित अन्य विद्युत सेवाओं से जुड़ी शिकायतों का समाधान करा सकते हैं।
जो उपभोक्ता कैंप तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, उनके लिए घर बैठे शिकायत दर्ज कराने की सुविधा भी उपलब्ध है। उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1912 पर कॉल करके या WhatsApp Chatbot नंबर 7859804803 पर मैसेज भेजकर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
पश्चिमांचल डिस्कॉम ने सभी सम्मानित उपभोक्ताओं से अपील की है कि 31 अगस्त अंतिम दिन है, इसलिए वे इस विशेष सुविधा का अधिकतम लाभ उठाएं।
No comments:
Post a Comment