Breaking

Your Ads Here

Wednesday, August 5, 2026

जय शिव शंकर के जयकारों के साथ शुरू हुआ क्षत्रपति शिवाजी स्मारक समिति का 29वां कांवड़ सेवा शिविर

नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी शिवाजी चौक बेगमपुल स्थित क्षत्रपति शिवाजी स्मारक समिति द्वारा 29वें कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ हो गया। बुधवार शाम 5 बजे आध्यात्मिक गुरु आचार्य स्वामी दीपांकर महाराज ने भव्य आरती और जय शिव शंकर, बम भोले के जयकारों के साथ शिविर का विधिवत उद्घाटन किया।

अपने संबोधन में स्वामी दीपांकर ने कहा कि जिस प्रकार कांवड़ लाते समय सभी शिवभक्त जाति-वर्ग भूलकर एक हो जाते हैं, उसी प्रकार प्रत्येक सनातनी को एक हिंदुत्व के रूप में एकजुट होना होगा, क्योंकि एकता में ही परम कल्याण है।कार्यक्रम में भाजपा महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी ने कहा कि उनका समिति से प्रारंभ से ही व्यक्तिगत जुड़ाव रहा है और उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से जलाभिषेक तक कांवड़िये शिवभक्तों की सेवा में जुट जाने का आह्वान किया।

समिति के महामंत्री करुणेश गर्ग ने बताया कि स्मारक स्थल पर प्रतिदिन होम्यो डॉक्टर द्वारा जनहित में उपचार की व्यवस्था की जाती है। पिछले 28 वर्षों से लगातार श्रावण मास में कांवड़ शिविर का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें हरिद्वार से जल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे शिवभक्तों के लिए भोजन, विश्राम, शौच, स्नान और चिकित्सीय सेवाओं की समुचित व्यवस्था रहती है। प्रशासन द्वारा भी 24 घंटे योग्य डॉक्टरों का चिकित्सा कैंप लगाया जाता है। उन्होंने बताया कि कुछ वर्षों से सर्दियों में भी इसी प्रकार शिविर की व्यवस्था समिति द्वारा की जाती है। पूजन पंडित ऋषिराज शर्मा द्वारा कराया गया।

शिविर शुभारंभ के अवसर पर मुख्य यजमान के रूप में समाजसेवी अश्वनी गुप्ता, उद्योगपति गिरीश कुमार, उमेश चंद्र अग्रवाल व नीरज अग्रवाल रहे। इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी अरुण जिंदल, संस्था के कार्यकारी अध्यक्ष अजय गुप्ता, कोषाध्यक्ष सतीश गर्ग, सदस्य विजेंद्र कुमार, शौर्य गर्ग, मनमोहन भल्ला, गुलजारी लाल, मन्नू लाल, भरत कंसल, संगीता पंडित, संदीप महाजन, भारत कोछड़, अश्वनी खत्री सहित व्यापार संघ अध्यक्ष अजय गुप्ता, अंकित सिंघल, संजीव गुप्ता, पवन मित्तल, प्रिया भारद्वाज, मुक्ता जैन आदि उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here