
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। मिशन सेफ फ्यूचर-2.0 अभियान के अंतर्गत अनफिट स्कूली वाहनों के विरुद्ध 11 अगस्त से 25 अगस्त 2026 तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में विकास भवन में "जिला विद्यालय यान परिवहन सुरक्षा समिति" की विशेष बैठक का आयोजन किया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने कड़े निर्देश दिए कि ऐसे स्कूल जिनके वाहनों की फिटनेस समाप्त हो चुकी है और तीन बार नोटिस भेजने के बाद भी फिटनेस नहीं कराई गई है, ऐसे वाहनों का पंजीयन निरस्त करने के साथ ही उन स्कूलों की मान्यता रद्द करने की कार्रवाई की जाए। साथ ही ऐसे स्कूल जिनके वाहनों के परमिट समाप्त हो चुके हैं और तीन बार नोटिस के बाद भी नवीनीकरण नहीं कराया गया है, उन वाहनों को सीज करने के आदेश जिलाधिकारी द्वारा दिए गए। स्कूलों को नोटिस जारी कर वाहनों में स्कूली बच्चों को सुरक्षित उतारने एवं चढ़ाने हेतु अटेंडेंट नियुक्त करने के आदेश भी दिए गए। छात्राओं हेतु महिला अटेंडेंट एवं छात्रों हेतु पुरुष अटेंडेंट नियुक्त करने के निर्देश दिए गए। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) मेरठ द्वारा अध्यक्ष महोदय को स्कूली वाहन चालकों के चरित्र सत्यापन में हो रही देरी के संबंध में अवगत कराया गया। इस पर अध्यक्ष महोदय ने ऐसे वाहन चालकों की सूची परिवहन विभाग, अपर जिलाधिकारी (नगर) एवं पुलिस विभाग को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्कूल प्रबंधकों को कड़े निर्देश दिए कि अनफिट स्कूली वाहनों का संचालन किसी भी दशा में छात्र-छात्राओं के आवागमन में न किया जाए। यदि ऐसे वाहनों का संचालन पाया जाता है तो कठोर कार्रवाई की जाएगी। उक्त बैठक में सुधांशु रंजन, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) मेरठ, जगदीश शुक्ला, जिला विद्यालय निरीक्षक, संतोष सिंह, यातायात निरीक्षक (प्रभारी), लालसा प्रसाद पाण्डेय, यातायात निरीक्षक, प्रदीप कुमार, बेसिक शिक्षा विभाग एवं स्कूलों के ट्रांसपोर्ट इंचार्ज उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment