Breaking

Your Ads Here

Friday, August 7, 2026

12वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस पर मेरठ में हथकरघा विरासत का भव्य उत्सव




बुनकर सेवा केंद्र, मेरठ में जिलाधिकारी ने किया उत्पादों का अवलोकन, बुनकरों से नवाचार अपनाने का किया आह्वान

नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। भारत सरकार, वस्त्र मंत्रालय, विकास आयुक्त (हथकरघा) के अधीन बुनकर सेवा केंद्र, मेरठ में 12वें राष्ट्रीय हथकरघा दिवस का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल तथा अपर आयुक्त उद्योग उमेश कुमार सिंह उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि ने विभिन्न जनपदों से आए बुनकरों द्वारा लगाए गए हथकरघा उत्पादों के स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने ललितपुर की प्रसिद्ध साड़ियों, आगरा की दरी और बागपत की बेडशीट सहित अन्य उत्पादों की गुणवत्ता और कारीगरी की सराहना की। तत्पश्चात जिलाधिकारी ने बुनकर सेवा केंद्र के प्रोसेसिंग सेक्शन, डिज़ाइन सेक्शन एवं डिज़ाइन रिसोर्स सेंटर (DRC) का निरीक्षण किया और वहां संचालित गतिविधियों व बुनकरों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। अपने संबोधन में जिलाधिकारी डॉ. विजय कुमार सिंह ने कहा कि हथकरघा भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने बुनकरों से आह्वान किया कि वे गुणवत्ता, नवाचार और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर अपने उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार की मांग के अनुरूप तैयार करें और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं। कार्यक्रम के दौरान के.एल. इंटरनेशनल स्कूल एवं सेंट फ्रांसिस वर्ल्ड स्कूल के विद्यार्थियों के लिए आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों द्वारा पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर कई महत्वपूर्ण लोकार्पण भी हुए। एम/एस बंसल टेक्सटाइल्स द्वारा तैयार हथकरघा कैनवास पेंटिंग का उद्घाटन किया गया तथा एम/एस मास्टर वीवर्स को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड के जीआई बागपत फर्निशिंग लोगो का लोकार्पण किया गया। साथ ही हथकरघा कैनवास पेंटिंग एवं हॉर्स पेंटिंग प्रतियोगिता के प्रतिभागियों को सहभागिता प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। समारोह का सबसे आकर्षक क्षण हथकरघा रैंप वॉक रहा, जिसमें बुनकर सेवा केंद्र, मेरठ तथा उसके क्षेत्राधिकार के विभिन्न जनपदों की पारंपरिक हथकरघा साड़ियों का मनमोहक प्रदर्शन किया गया। रैंप वॉक के माध्यम से भारतीय हथकरघा की समृद्ध परंपरा और स्थानीय बुनकरों की उत्कृष्ट शिल्पकला को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर बुनकर सेवा केंद्र, मेरठ के उप निदेशक तपन शर्मा, सहायक निदेशक सुरेन्द्र सिंह, टेक्सटाइल डिज़ाइनर सुप्रिया द्विवेदी, टेक्निकल सुपरिंटेंडेंट वैशाली तिवारी, टेक्निकल सुपरिंटेंडेंट वसीम अहमद सहित विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, बड़ी संख्या में बुनकर, विद्यार्थी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here