Breaking

Your Ads Here

Friday, July 3, 2026

शोभित विश्वविद्यालय बना अमेज़न वेब सर्विसेज़ (एडब्ल्यूएस) अकादमी का सदस्य संस्थान, विद्यार्थियों को मिलेगा वैश्विक स्तर की क्लाउड कंप्यूटिंग शिक्षा का लाभ



डा. अभिषेक डबास

नित्य संदेश, मेरठतकनीकी शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए शोभित इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), मेरठ अब अमेज़न वेब सर्विसेज़ (एडब्ल्यूएस) अकादमी का सदस्य संस्थान बन गया है। इस सदस्यता के माध्यम से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को विश्वस्तरीय क्लाउड कंप्यूटिंग प्रशिक्षण, उद्योग आधारित प्रायोगिक शिक्षण तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त एडब्ल्यूएस प्रमाणन की तैयारी का अवसर मिलेगा।


शैक्षणिक सत्र 2026–27 से पात्र विद्यार्थी एडब्ल्यूएस अकादमी के विशेष पाठ्यक्रमों का लाभ उठा सकेंगे। इन पाठ्यक्रमों में आधुनिक क्लाउड तकनीकों, प्रायोगिक प्रयोगशालाओं, परियोजना आधारित शिक्षण, वास्तविक औद्योगिक समस्याओं के समाधान तथा कौशल आधारित प्रशिक्षण को शामिल किया गया है। इससे विद्यार्थी पढ़ाई के साथ-साथ उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप व्यावहारिक अनुभव भी प्राप्त कर सकेंगे। आज विश्वभर में क्लाउड तकनीक का उपयोग तेजी से बढ़ रहा है और प्रशिक्षित क्लाउड पेशेवरों की मांग लगातार बढ़ रही है। एडब्ल्यूएस अकादमी के माध्यम से प्राप्त प्रशिक्षण और प्रमाणन विद्यार्थियों की तकनीकी दक्षता को मजबूत करेगा तथा देश-विदेश की अग्रणी कंपनियों में बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त करने में सहायक होगा।


यह सदस्यता विश्वविद्यालय के भारतीय ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों के लिए भी समान रूप से लाभकारी होगी। उन्हें वैश्विक मानकों के अनुरूप शिक्षा, आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए आवश्यक कौशल विकसित करने का अवसर मिलेगा। इस अवसर पर एम.टेक. (कंप्यूटर साइंस) के नाइजीरिया से आए अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थी फ्वेचिर समारी सामी तथा पेशेंस नुहवेसे जोशुआ ने विश्वविद्यालय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा,


"शोभित विश्वविद्यालय हमें एडब्ल्यूएस अकादमी के माध्यम से विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, प्रायोगिक सीख और अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रमाणन की तैयारी का अवसर प्रदान कर रहा है। यह हमारे लिए केवल नई तकनीक सीखने का अवसर नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर बेहतर करियर बनाने की दिशा में एक मजबूत कदम है। हमें विश्वास है कि इस तरह के प्रशिक्षण और प्रमाणन से दुनिया के विभिन्न देशों में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।"


एडब्ल्यूएस अकादमी का सदस्य संस्थान बनकर शोभित विश्वविद्यालय ने एक बार फिर उद्योग आधारित, कौशल-केंद्रित और वैश्विक स्तर की शिक्षा प्रदान करने की अपनी प्रतिबद्धता को मजबूत किया है। यह पहल विद्यार्थियों को भविष्य की डिजिटल अर्थव्यवस्था के लिए तैयार करने के साथ-साथ उनकी रोजगार क्षमता को नई पहचान प्रदान करेगी।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here