Breaking

Your Ads Here

Wednesday, July 29, 2026

राष्ट्रीय पर्वों के विज्ञापनों में सभी समाचार पत्रों को मिले समान अधिकार : संयुक्त प्रेस क्लब


छोटे, लघु एवं क्षेत्रीय समाचार पत्रों की अनदेखी बंद करने और पारदर्शी विज्ञापन नीति लागू करने की मांग, नगर आयुक्त प्रतिनिधि और उपाध्यक्ष मेडा को सौंपा ज्ञापन


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। संयुक्त प्रेस क्लब (रजि.) मेरठ के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को अध्यक्ष अतुल माहेश्वरी एवं महामंत्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह तोमर के नेतृत्व में नगर निगम और मेरठ विकास प्राधिकरण (मेडा) में ज्ञापन सौंपकर राष्ट्रीय पर्वों के विज्ञापन, टेंडर और जनहित सूचनाओं में सभी पात्र समाचार पत्रों को समान अधिकार देने की मांग उठाई। प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम में नगर आयुक्त के प्रतिनिधि को तथा मेडा में उपाध्यक्ष संजय कुमार मीणा (आईएएस) को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में मांग की गई कि पूर्व वर्षों की भांति 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस, 26 जनवरी गणतंत्र दिवस एवं 2 अक्टूबर गांधी जयंती के अवसर पर दैनिक प्रातःकालीन, सायंकालीन, साप्ताहिक, पाक्षिक एवं मासिक सभी पात्र समाचार पत्रों को बिना किसी भेदभाव के विज्ञापन जारी किए जाएं। साथ ही नगर निगम एवं मेडा द्वारा प्रकाशित टेंडर, निविदाएं, ई-टेंडर, जनहित सूचनाएं, सार्वजनिक नोटिस, नीलामी सूचनाएं तथा अन्य विभागीय विज्ञापन भी निष्पक्ष एवं पारदर्शी व्यवस्था के तहत सभी पात्र समाचार पत्रों को उपलब्ध कराए जाएं। कमिश्नरी चौराहे पर एकत्रित पत्रकारों ने कहा कि छोटे, लघु एवं क्षेत्रीय समाचार पत्र सरकारी योजनाओं और जनहित की सूचनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाते हैं, इसलिए विज्ञापन वितरण में समान अवसर मिलना जरूरी है।




अध्यक्ष अतुल माहेश्वरी ने कहा - लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूत करने के लिए सभी पात्र समाचार पत्रों को समान अवसर मिलना चाहिए। छोटे एवं क्षेत्रीय समाचार पत्र वर्षों से जनहित के मुद्दे उठाते आ रहे हैं, उन्हें व्यवस्था से वंचित रखना उचित नहीं है। महामंत्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह तोमर ने कहा - पात्र दैनिक समाचार पत्रों को विभागीय रोस्टर में शामिल किया जाए, ताकि रोस्टर व्यवस्था के अनुसार ही विज्ञापन, निविदाएं और टेंडर का प्रकाशन हो सके। पारदर्शी रोस्टर से सभी को न्याय मिलेगा और सरकारी योजनाओं का व्यापक प्रचार होगा। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि लंबे समय से कई छोटे समाचार पत्र राष्ट्रीय पर्वों के विज्ञापनों से वंचित रह जाते हैं, जिससे उन्हें आर्थिक संकट झेलना पड़ता है। समान अवसर मिलने से शासन की योजनाएं हर वर्ग तक पहुंचेंगी। दोनों अधिकारियों ने मांगों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया।

ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष अतुल माहेश्वरी, महामंत्री धर्मेंद्र प्रताप सिंह तोमर, कोषाध्यक्ष लियाकत मंसूरी, संरक्षक राजेंद्र चौहान, रमेश सोनी, अशोक टाइगर, श्रीपाल तेवतिया, अशोक गोस्वामी, विनोद गोस्वामी, एम.पी. गौतम, अनिल बादली, शालू शर्मा, जाहिदा खान, शाहीन परवीन, मुकुल भारद्वाज, गौरव गोयल, रवि ठाकुर, राहुल गुप्ता, गौरव पांडेय, अंकुर भारद्वाज, उत्सव रस्तोगी, अन्नू अग्रवाल, वंशिका शर्मा, माही कश्यप, आसिफ उर्फ बॉबी, एहसान कुरैशी, दिनेश कुमार सिंघल, प्रभास रस्तोगी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार, संपादक और प्रकाशक मौजूद रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here