नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) इंदौर महानगर द्वारा विद्यार्थी परिषद के स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय विद्यार्थी दिवस के उपलक्ष्य में देवी अहिल्या विश्वविद्यालय के सभागृह में "ध्येयपथ व्याख्यान" का भव्य आयोजन किया गया,कार्यक्रम में 1400 से अधिक छात्र-छात्राएं, प्राध्यापक एवं समाजजन गणमान्य नागरिक उत्साहपूर्ण सहभाग किया।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रस्ताविक उदबोधन देते हुए प्रांत अध्यक्ष सौरभ पारीख ने इंदौर महानगर द्वारा पिछले एक वर्ष में किए गए रचनात्मक आंदोलनों एवं विभिन्न रचनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए संगठन के कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध वैज्ञानिक देबालया सरकार रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए भारत की प्राचीन वैज्ञानिक परंपरा, ज्ञान-विज्ञान और वैश्विक नेतृत्व की गौरवशाली विरासत पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत प्राचीन काल में विज्ञान, गणित, चिकित्सा और अनेक क्षेत्रों में विश्व का मार्गदर्शक रहा है। आज आवश्यकता है कि हम विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने के लिए पुनः उसी गौरव को प्राप्त करने का प्रयास करें।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित अभाविप के राष्ट्रीय संगठन मंत्री आशीष चौहान ने विद्यार्थियों को मार्गदर्शन देते हुए कहा कि आज अभाविप रचनात्मकता के साथ देशभर के परिसरों में विद्यार्थियों को जोड़ने का कार्य कर रही है और छात्रहित के विभिन्न आयामों पर निरंतर कार्यरत है।
अभाविप के राष्ट्रीय महामंत्री वीरेंद्र सोलंकी जी ने कहा कि विद्यार्थी परिषद का कार्यकर्ता केवल छात्रहित में संघर्ष ही नहीं करता, बल्कि अध्ययन, व्यक्तित्व विकास और अपने करियर में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करता है।
इस अवसर पर अभाविप इंदौर महानगर की नई वेबसाइट का भी विधिवत विमोचन किया गया। महानगर मंत्री देवेश गुर्जर ने बताया कि इस वेबसाइट के माध्यम से इंदौर का कोई भी विद्यार्थी किसी भी स्थान से विद्यार्थी परिषद के सबसे निकट के कार्यकर्ता से सीधे संपर्क कर सकेगा। वेबसाइट पर विद्यार्थी को संबंधित कार्यकर्ता की जानकारी एवं संपर्क नंबर उपलब्ध होगा, जिससे आवश्यकता पड़ने पर उसे तत्काल सहयोग प्राप्त हो सकेगा।
कार्यक्रम के अंत में महानगर अध्यक्ष कृष्णकांत धाकड़ ने सभी अतिथियों, विद्यार्थियों एवं उपस्थित जनों के प्रति आभार व्यक्त किया। वंदेमातरम् राष्ट्रगीत से कार्यक्रम संपन्न हुआ।





No comments:
Post a Comment