नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह की अध्यक्षता में विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जो परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी है उनको संबंधित विभाग एवं कार्यदायी संस्था हैण्डओवर किये जाने की कार्यवाही सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होने सीडीओ को निर्देशित किया कि जल जीवन मिशन कार्यों की साप्ताहिक समीक्षा की जाये। जो कार्य अधूरे है उनको गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाये। रोड कटिंग, मरम्मत, टंकी निर्माण, पानी सप्लाई आदि कार्यो की जांच करते हुये कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। निर्माण की बैठक में अनुपस्थित अधिकारियो के वेतन बाधित करने के निर्देश दिये गये।
सीएम डैशबोर्ड/विकास योजनाओं की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने समस्त विभागीय अधिकारियों को योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों द्वारा इन महत्वपूर्ण योजनाओं में शिथिलता एवं लापरवाही बरती जा रही है, जिसके कारण जनपद की रैंकिंग प्रभावित हो रही है, उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। उन्होने कहा कि जिन योजनाओ में सीएम डैशबोर्ड पर प्रगति अपेक्षा अनुरूप नहीं है विभागीय स्तर पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें। फैमिली आईडी में विभागो को प्राप्त लक्ष्य के सापेक्ष जनपद की रैकिंग एवं विभागीय प्रगति धीमी एवं अपेक्षित न होने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उप निदेशक कृषि, एएलसी (श्रम विभाग) सहित फैमिली आईडी से संबंधित समस्त अधिकारियो को चेतावनी देते हुये निर्देशित किया कि अपनी कार्यप्रणाली में सुधार करें और फैमिली आईडी में लक्ष्य के सापेक्ष प्रगति सुनिश्चित करे। सीडीओ को निर्देशित किया गया कि इसकी नियमित समीक्षा करें और जो अधिकारी लापवाही एवं शिथिलता बरत रहे है उनके विरूद्ध कार्यवाही अमल में लाई जाये। कांवड मार्ग पर साफ-सफाई, सडक मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था, झाडियो की कटाई, जल निकासी इत्यादि से संबंधित जो भी कार्य अवशेष रह गये है, जल्द से जल्द पूर्ण करना सुनिश्चित करें। गौशालाओ की चारागाह भूमि के साथ मैपिंग सुनिश्चित की जाये।
बैठक में पंडित दीनदयाल उपाध्याय सोलर स्ट्रीट लाइट योजना, पूर्वदशम छात्रवृत्ति, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, पीएम कुसुम योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मुख्यमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), मनरेगा, भवन एवं सड़क निर्माण, दिव्यांग पेंशन, जल जीवन मिशन, हर घर जल, फैमिली आईडी, 15वें वित्त आयोग की ग्राम पंचायत योजनाएं, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) फेज-2, ऑपरेशन कायाकल्प, निपुण परीक्षा आकलन, शादी अनुदान योजना, मत्स्य उत्पादन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, सेतु निर्माण, प्रोजेक्ट अलंकार, सड़कों का अनुरक्षण, मातृत्व, शिशु एवं बालिका मदद योजना, ओडीओपी टूलकिट योजना, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना तथा राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई तथा उनकी रैंकिंग एवं प्रगति में सुधार हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मोहम्मद परवेज, जिला पंचायत राज अधिकारी वीरेन्द्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह, अधिशासी अभियंता प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग सतेन्द्र सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

No comments:
Post a Comment