नित्य संदेश ब्यूरो
बागपत। भारतीय जनता पार्टी व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष एवं श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट के प्रदेश अध्यक्ष श्री विनीत अग्रवाल शारदा आज बागपत पहुँचे, जहाँ उन्होंने अग्रवाल समाज की एक विशाल सभा में मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की। कार्यक्रम की अध्यक्षता उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल, बागपत के जिला अध्यक्ष श्री अभिमन्यु गुप्ता ने की। सभा में बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज, व्यापारी वर्ग एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
अपने ओजस्वी संबोधन में विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि आज देश, समाज और सनातन संस्कृति को संगठित करने का समय है। उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम की मर्यादा, भगवान श्रीकृष्ण की नीति, माँ लक्ष्मी की समृद्धि और महाराजा अग्रसेन जी की समानता, सेवा एवं एक ईंट–एक रुपया की भावना ही भारत को विश्वगुरु बनाने का मार्ग प्रशस्त करेगी। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन केवल अग्रवाल समाज के नहीं, बल्कि समरसता, राष्ट्रभक्ति और सेवा के सबसे बड़े प्रेरणास्रोत हैं। विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि हरियाणा के हिसार स्थित ऐतिहासिक अग्रोहा धाम विश्वभर में अपनी पहचान बना चुका है और अब मेरठ में श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट द्वारा बनने वाला अग्रसेन धाम उत्तर प्रदेश ही नहीं, पूरे भारत में सनातन संस्कृति का नया तीर्थ बनेगा। उन्होंने बताया कि धाम में महाराजा अग्रसेन जी का भव्य मंदिर, कुलदेवी माँ लक्ष्मी का मंदिर, शिव-पार्वती परिवार मंदिर, 51 फुट ऊँची भगवान हनुमान जी की प्रतिमा, 72 स्टूडियो अपार्टमेंट (वीवीआईपी फ्लैट), वृद्धाश्रम, 50 बेड का आधुनिक निःशुल्क अस्पताल, 60×120 फीट के दो विशाल सभागार तथा प्रतिदिन वैदिक यज्ञ हेतु भव्य यज्ञशाला का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह धाम सनातन संस्कृति, संस्कार और सामाजिक एकता का राष्ट्रीय केंद्र बनेगा।
विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा, “आज मेरा अग्रवाल समाज मोतियों की तरह बिखरा हुआ है। मेरा संकल्प है कि इन बिखरे हुए मोतियों को एक माला में पिरोकर महाराजा अग्रसेन जी के श्रीचरणों में समर्पित करूँ।” उन्होंने कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और अब समय आ गया है कि अग्रवाल समाज राष्ट्र निर्माण में अपनी निर्णायक भूमिका निभाए। अपने भावुक संबोधन में विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा, “राष्ट्र मेरा धर्म है, पार्टी मेरी माँ है, तो व्यापारी और अग्रवाल समाज मेरी आत्मा है। व्यापारी और अग्रवाल समाज के शरीर के पसीने का यदि एक भी कण धरती पर गिरेगा, तो मेरे शरीर के खून का एक-एक कण उनके सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित रहेगा।”
पत्रकारों द्वारा बड़ौत में व्यापारियों की हत्या के संबंध में पूछे गए प्रश्न पर विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि उन्होंने स्वयं इस प्रकरण को गंभीरता से उठाया था और अपराधियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित हुई। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून का राज स्थापित हुआ है। अपराधियों के लिए प्रदेश में कोई स्थान नहीं है। अपराध या अपराधी किसी भी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे। विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश में रामराज्य की स्थापना की दिशा में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे, आधुनिक सड़कें, मेडिकल कॉलेज, एम्स, एयरपोर्ट, व्यापारी कल्याण बोर्ड, आयुष्मान भारत, व्यापारी दुर्घटना बीमा, महिलाओं को उज्ज्वला योजना के अंतर्गत गैस कनेक्शन, आवास एवं अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं ने विकास का नया इतिहास रचा है। उन्होंने कहा कि नोएडा (जेवर) में देश का सबसे बड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा उत्तर प्रदेश की नई पहचान बना है।
विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट का संगठन पूरे उत्तर प्रदेश में तेजी से विस्तार कर रहा है। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट को पश्चिम उत्तर प्रदेश, ब्रज, बुंदेलखंड, अवध, गोरखपुर और काशी—इन छह क्षेत्रों में संगठित किया जा रहा है। प्रत्येक क्षेत्र में क्षेत्रीय अध्यक्ष, प्रत्येक जिले में जिला अध्यक्ष तथा उनकी कार्यकारिणी गठित की जाएगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह संगठन सेवा, संस्कार और सामाजिक एकता का सबसे बड़ा मंच बनेगा। विनीत अग्रवाल शारदा ने कहा कि आज उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिले में अग्रवाल समाज अभूतपूर्व उत्साह के साथ इस अभियान से जुड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब अग्रवाल समाज किसी का केवल वोट बैंक नहीं रहेगा, बल्कि राष्ट्र और समाज को दिशा देने वाली एक संगठित, जागरूक और सशक्त शक्ति के रूप में उभरेगा।
सावन और कांवड़ यात्रा के संदर्भ में विनीत अग्रवाल शारदा ने उत्तर प्रदेश सरकार से मांग करते हुए कहा कि सावन मास में धार्मिक आस्थाओं का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए। प्रशासन यह सुनिश्चित करे कि नियमों का सभी द्वारा समान रूप से पालन हो तथा कांवड़ मार्गों पर श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं का पूर्ण सम्मान बना रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे श्री अभिमन्यु गुप्ता ने कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी पूँजी है। उन्होंने श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट द्वारा किए जा रहे सेवा, संगठन और संस्कार के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मेरठ में बन रहा अग्रसेन धाम आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा तथा समाज को नई दिशा देगा।
सभा में संजय गुप्ता, हंसराज गुप्ता, परवीन कुमार गुप्ता, कपिल गोयल, कपिल गुप्ता, अतुल गुप्ता, आशुतोष अग्रवाल, विपिन गुप्ता, राकेश मोहन गर्ग, संदीप गुप्ता, राजीव गोयल, नीरज गुप्ता, मनोज गोयल, संदीप गर्ग, शिव कुमार मित्तल, राकेश बंसल, ईश्वर दयाल सहित बड़ी संख्या में अग्रवाल बंधु उपस्थित रहे। मेरठ से श्री अग्रसेन सेवा ट्रस्ट के ट्रस्टी श्री सुरेश गुप्ता, श्री राजीव मित्तल एवं श्री दीपक गुप्ता भी श्री विनीत अग्रवाल शारदा के साथ कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। सभा के बाद विनीत शारदा बड़ोत के अग्रवाल समाज के अध्यक्ष श्री रवि गर्ग ( बिट्टू) जी के स्वर्गवास होने की खबर सुनकर उनके आवास पर पहुच कर परिजनों से मिलकर उनके दुख में सामिल होकर उन्हें हिम्मत और ढाँडस बंधाई भगवान से प्रार्थना की रवि गर्ग जी की आत्मा को भगवान अपने श्री चरणों स्थान प्रदान करे इनके परिवार को इतने बड़े दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे

No comments:
Post a Comment