नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। शहर में बारिश का दौर शुरू होते ही शहर के कई इलाकों में जलभराव और ट्रैफिक जाम की समस्या सामने आने लगी है। वहीं, जिन क्षेत्रों में सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्य चल रहे हैं, वहां लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ऐसी ही स्थिति लसूड़िया थाना क्षेत्र के पीछे स्थित एसडीए कंपाउंड में है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां अमृत 2.0 योजना के तहत ड्रेनेज लाइन बिछाने का काम चल रहा है। इसके लिए सड़क की खुदाई की गई, लेकिन निकली मिट्टी को हटाने के बजाय सड़क और नालियों के किनारे ही फैला दिया गया।
बारिश के बाद यही मिट्टी कीचड़ में बदल गई और नालियां भी अवरुद्ध हो गईं। इसके कारण पानी की निकासी प्रभावित हो रही है, जिससे सड़क पर जलभराव और फिसलन की स्थिति बन गई है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि इससे रोजाना आवागमन में भारी परेशानी हो रही है और हादसे का खतरा भी बढ़ गया है।
रोड में फंस रही गाड़ियां...
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की हालत पहले से ही खराब थी और बारिश के बाद स्थिति और बिगड़ गई है।
कीचड़ और जलभराव के कारण वाहन लगातार फंस रहे हैं। क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, लेकिन खराब सड़क के कारण उनके टायर कीचड़ में धंस जाते हैं।
सड़क पर बढ़ी फिसलन से दोपहिया वाहन चालकों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, कई वाहन क्षेत्र तक पहुंच ही नहीं पा रहे हैं, जिससे यहां स्थित गोदामों के संचालन पर भी असर पड़ रहा है।
नगर निगम आयुक्त और महापौर से की शिकायत...
स्थानीय निवासी ने बताया कि मामले की शिकायत नगर निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल और महापौर पुष्यमित्र भार्गव से की गई है। उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से अधिकारियों को फोटो और वीडियो भेजकर क्षेत्र की बदहाल स्थिति से अवगत कराया है तथा जल्द से जल्द सड़क और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग की है।



No comments:
Post a Comment