Breaking

Your Ads Here

Saturday, July 25, 2026

कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर मेरठ में वीर शहीदों को श्रद्धांजलि, वीर नारियों एवं पूर्व सैनिकों का हुआ सम्मान


नित्य संदेश ब्यूरो 
मेरठ। कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर जनपद सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय में एक गरिमामय श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके अद्वितीय शौर्य, पराक्रम एवं सर्वोच्च बलिदान को नमन किया गया। 

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. सोमेन्द्र तोमर, राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), राजनैतिक पेंशन, सैनिक कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल, उत्तर प्रदेश सरकार ने शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा वीर नारियों, पूर्व सैनिकों एवं शहीद आश्रितों को सम्मानित किया। इस अवसर पर अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि कारगिल विजय दिवस राष्ट्र की अस्मिता, स्वाभिमान और भारतीय सैनिकों के अदम्य साहस का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का त्याग सदैव स्मरणीय रहेगा तथा उनका गौरवशाली योगदान देशवासियों को निरन्तर प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि मेरठ वीरों और बलिदान की पावन धरती है, जिसने देश को अनेक वीर सैनिक दिए हैं। प्रदेश सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं शहीद परिवारों के सम्मान और कल्याण के लिए निरन्तर कार्य कर रही है तथा उनके हितों की रक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। 

इस अवसर पर ब्रिगेडियर अतुल कुमार, सेना मेडल (सेवानिवृत्त), निदेशक, सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास, उत्तर प्रदेश ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों के सर्वांगीण कल्याण एवं पुनर्वास के लिए पूर्ण प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि वीर शहीदों का सर्वोच्च बलिदान सदैव राष्ट्र को प्रेरित करता रहेगा तथा उनके सम्मान एवं उनके परिवारों के कल्याण हेतु समाज और शासन दोनों की समान जिम्मेदारी है।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने वीर नारियों तथा पूर्व सैनिकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर निदेशालय सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास उत्तर प्रदेश सरकार के तत्वाधान में भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई), पुणे द्वारा निर्मित लघु वृत्तचित्र “वीर गाथा” का लोकार्पण भी किया गया। यह वृत्तचित्र उत्तर प्रदेश के वीर शहीदों के अदम्य साहस, राष्ट्रभक्ति एवं सर्वोच्च बलिदान पर आधारित है तथा नई पीढ़ी में राष्ट्रसेवा की भावना को सुदृढ़ करने का संदेश देता है। 

समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों, सेवारत सैनिकों, शहीद परिवारों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता कर अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का समापन राष्ट्र की एकता, अखण्डता एवं सुरक्षा के प्रति अपनी अटूट निष्ठा दोहराने तथा वीर शहीदों के आदर्शों का अनुसरण करने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here