Breaking

Your Ads Here

Friday, July 17, 2026

विकास भवन सभागार में सांसद की अध्यक्षता में संपन्न हुई जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक

• दिशा बैठक में दिये गये निर्देशों का अनुपालन कराया जायेगा सुनिश्चित -जिलाधिकारी


नित्य संदेश ब्यूरो

मेरठ। आज विकास भवन सभागार में सांसद अरूण चंद्रप्रकाश गोविल की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक आहूत की गयी। बैठक में जनपद में समस्त विभागो में संचालित योजनाओ के क्रियान्वयन एवं प्रगति की बिन्दुवार समीक्षा करते हुये सांसद ने कहा कि केन्द्र एवं प्रदेश सरकार द्वारा ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओ का लाभ लक्षित लाभार्थियों तक पहुंचाया जाये। इस अवसर जिलाधिकारी द्वारा सांसद सहित समस्त जनप्रतिनिधियो का स्मृति चिन्ह, शॉल ओढाकर व पौधा भेंटकर स्वागत किया गया।

बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियो द्वारा विद्युत, लोक निर्माण, कृषि, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, डूडा, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग, दिव्यांगजन सशक्तीकरण, शिक्षा, सिंचाई, जल निगम, पशुपालन, एनएचएआई आदि विभागो की योजनाओ की समीक्षा की गई व आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये। सांसद ने कहा कि सभी विभाग अपनी योजनाओ की नियमित मॉनीटरिंग करें तथा प्राप्त आवेदनो, उनके निस्तारण और लाभार्थियो की संख्या पर विशेष ध्यान देते हुये कार्य करें। उन्होने विभागो को आपसी समन्वय स्थापित कर जनसमस्याओ का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। सांसद ने कहा कि जनपद में जो भी निर्माण कार्य कराये जा रहे है उन कार्यो के शिलापट्ट पर संबंधित जनप्रतिनिधि का नाम अवश्य अंकित कराया जाये। विकास कार्यों में विभागो द्वारा जो भी कार्यवाही जनप्रतिनिधियो के क्षेत्र के अंतर्गत की जाती है संबंधित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि को भी सूचित किया जाये। विभागीय शिलान्यास एवं उद्घाटन कार्यक्रमो में जनप्रतिनिधियो को अनिवार्य रूप से आमंत्रित किया जाये।

बैठक में आयुष्मान योजना के अंतर्गत मरीजो से अतिरिक्त धनराशि वसूले जाने की शिकायत के संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि नियमित जांच की जा रही है और किसी भी मरीज से अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जा रहा है। विद्युत विभाग की समीक्षा करते हुये निर्देशित किया गया कि जनपद में विद्युत सप्लाई, खराब ट्रांसफार्मर, जर्जर विद्युत पोल एवं तार इत्यादि व्यवस्थाओ को दुरूस्त कराये जाने के निर्देश दिये गये। लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभाग को सडको की मरम्मत/पेंच वर्क कराये जाने के निर्देश दिये गये। नगर निगम को शहर में स्वच्छता, सार्वजनिक शौचालयो के रख-रखाव और अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिये गये।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना, पीएम अजय, दिव्यांगजन पेंशन योजना, सुगम्य भारत अभियान, बेटी बचाओ बेटी पढाओ, महिला संरक्षण एवं सुरक्षा योजना वन स्टॉप सेंटर, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, किसान कॉल सेंटर, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, राष्ट्रीय पशुधन मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन कल्याण योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, स्मार्ट सिटी मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, सर्व शिक्षा अभियान, मिड डे मील योजना, प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना, जल जीवन मिशन, नमामि गंगे, ई-श्रम पोर्टल, स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण, प्रधानमंत्री ग्राम सडक योजना आदि योजनाओ की प्रगति की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये।

जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह द्वारा समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठायी गयी समस्याएं एवं दिये गये सुझावों का अक्षरशः पालन करते हुये कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। उन्होने समस्त जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त करते हुये कहा कि अगली दिशा की बैठक से पूर्व संज्ञान में लाये गये संबंधित प्रकरणो पर कार्यवाही करते हुये शत-प्रतिशत निस्तारण का प्रयास किया जायेगा।

इस अवसर पर पर सांसद हरेन्द्र मलिक, राज्यमंत्री (स्वंतत्र प्रभार) डा0 सोमेन्द्र तोमर, महापौर हरिकांत अहलूवालिया, जिला पंचायत अध्यक्ष गौरव चौधरी, विधायक मेरठ कैंट अमित अग्रवाल, विधायक सिवालखास गुलाम मौहम्मद, विधायक सरधना अतुल प्रधान, एमएलसी धर्मेन्द्र भारद्वाज, एमएलसी अश्वनी त्यागी, जिलाधिकारी डा0 वी0के0 सिंह, एसएसपी अविनाश पांडे, नगर आयुक्त सौरभ गंगवार, सीडीओ नूपुर गोयल, डीएफओ वंदना फोगाट, सीएमओ डा0 राम प्रसाद, अपर जिलाधिकारी प्रशासन सत्य प्रकाश सिंह, पीडीडीआरडीए सुनील कुमार सिंह, उप कृषि निदेशक नीलेश चौरसिया, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

No comments:

Post a Comment

Your Ads Here

Your Ads Here