नित्य संदेश ब्यूरो
गाजियाबाद। एनसीआरटीसी ने नमो भारत यात्रा अनुभव को और बेहतर बनाने की दिशा में एक अहम कदम बढ़ाते हुए अपने समग्र यात्री सहभागिता कार्यक्रम ‘नमो भारत चैम्पियंस’ के अंतर्गत बेगमपुल नमो भारत स्टेशन पर एक इंटरैक्टिव सेशन का आयोजन किया। 'नो योर नमो भारत' नाम के इस सेशन का उद्देश्य प्रतिभागियों को नमो भारत प्रणाली के कामकाज, इसकी प्रमुख विशेषताओं, सुरक्षा प्रोटोकॉल और आवश्यक यात्रा दिशा-निर्देशों से परिचित कराना था। इस पहल के माध्यम से एनसीआरटीसी यात्रियों के साथ सीधे संवाद के लिए एक मंच तैयार करने का प्रयास कर रहा है।
इस कार्यक्रम में नमो भारत के वे दैनिक यात्री, जो कि नमो भारत चैंपियंस ग्रुप के सदस्य हैं, शामिल रहे। प्रतिभागियों में यह जानने की विशेष उत्सुकता थी कि युवा ट्रेन ऑपरेटर्स द्वारा ट्रेन का संचालन किस प्रकार किया जाता है। साथ ही वे स्टेशन संबंधी कार्यों एवं परिचालन संबंधी अन्य गतिविधियों के बारे में अत्यधिक उत्सुक थे। एनसीआरटीसी की टीम ने संवादात्मक चर्चा और गाइडेड स्टेशन टूर के माध्यम से इन प्रतिभागियों को उन प्रणालियों और प्रक्रियाओं के बारे में व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जो नमो भारत में सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा सुनिश्चित करती हैं। इस सत्र में उन्हें यात्रा के दौरान आमतौर पर होने वाली समस्याओं और उनके समाधानों से भी परिचित कराया गया। कई प्रतिभागियों ने टिकटिंग संबंधित समस्याओं के विषय में चर्चा की। टीम ने उन्हें टिकट वेंडिग मशीन तथा ‘नमो भारत कनेक्ट ऐप’ के माध्यम से क्यूआर-आधारित पेपर टिकट और डिजिटल टिकट बुकिंग प्रक्रिया तथा अन्य किराया प्रक्रियाओं के विभिन्न पहलुओं के विषय में विस्तार से जानकारी दी। प्रतिभागियों को फीडबैक और सुझाव साझा करने की प्रक्रिया के साथ-साथ यात्री सहायता के लिए नमो भारत कस्टमर केयर नंबर 08069651515 के विषय में भी बताया गया। प्रतिभागियों को स्टेशन कंट्रोल रूम (SCR) का गाइडेड टूर भी कराया गया, जिससे उन्हें स्टेशन संचालन और यात्री आवागमन के प्रबंधन में शामिल कार्यप्रणाली को करीब से समझने का अवसर मिला।
इस दौरान, यूपीएसएसएफ (UPSSF) के वरिष्ठ सुरक्षा अधिकारियों और स्टेशन प्रभारी ने प्रतिभागियों को नमो भारत स्टेशनों पर तैनात उन्नत सुरक्षा प्रणालियों की विस्तृत जानकारी भी दी। उन्हें बताया गया कि किस प्रकार प्रत्येक स्टेशन पर, मल्टी-ज़ोन डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टरों (डीएफएमडी) द्वारा स्टेशन प्रवेश द्वारों पर सुरक्षा जांच की जाती है। साथ ही, वहाँ लगाए गए लगेज स्कैनर की भी जानकारी दी गई जो आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लैस हैं और इनमें डुअल-व्यू एक्स-रे बैगेज इंस्पेक्शन सिस्टम है, जो सामान की बेहतर स्क्रीनिंग को सक्षम बनाता है। उन्हें स्टेशन परिसर में प्रतिबंधित वस्तुओं के विषय में भी विस्तार से बताया गया और उन्हें लेकर यात्रा न करने की हिदायत दी गई।
साथ ही, उन्हें नमो भारत में यात्री सुरक्षा के लिए किए गए विभिन्न प्रावधानों के बारे में भी बताया गया। हर ट्रेन में महिलाओं के लिए एक समर्पित कोच है, जबकि अन्य कोचों में महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग यात्रियों के लिए सीटें आरक्षित हैं। सीसीटीवी कैमरों द्वारा 24*7 स्टेशनों और ट्रेनों की निगरानी की जाती है। स्टेशनों परिसरों के आसपास सुरक्षित पहुंच सुनिश्चित करने के लिए भी कई प्रयास किए गए हैं, जिसमें अच्छी तरह प्रकाशित स्टेशन परिसर, सीसीटीवी कवरेज और बेहतर लास्ट-माइल कनेक्टिविटी शामिल हैं, जो यात्रियों के लिए एक सुरक्षित वातावरण प्रदान करने में योगदान करते हैं। प्रतिभागियों को एनसीआरटीसी द्वारा हाल ही में शुरू किए गए जेंडर सेंसटाइज़ेशन अभियान 'आकांक्षाओं के पंख' से भी अवगत कराया गया, जिसका उद्देश्य एक सुरक्षित, सम्मानजनक और समावेशी सार्वजनिक परिवहन वातावरण को बढ़ावा देना है। एक सुरक्षित पारगमन वातावरण बनाने में यात्रियों की जागरूकता, सहानुभूति और सामूहिक जिम्मेदारी के महत्व के विषय में भी विस्तार से चर्चा की गई।
इस सत्र में आपातकालीन स्थितियों पर भी चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने यह जानने में विशेष रुचि दिखाई कि आपातकालीन स्थिति में सहायता किस प्रकार प्राप्त की जाए। टीम ने उन्हें विभिन्न आपातकालीन स्थितियों जैसे आग लगने की स्थिति में संबंधित सुरक्षा प्रोटोकॉल, आपातकालीन निकास द्वार और उनकी कार्यप्रणाली तथा आपात-स्थिति में अपनाई जाने वाली अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं के विषय में विस्तार से बताया। 'नमो भारत चैंपियंस' एक व्यापक यात्री सहभागिता कार्यक्रम है, जिसे नमो भारत सेवाओं के निरंतर सुधार में यात्रियों की सक्रिय भागीदारी को प्रोत्साहित करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इस पहल के माध्यम से, एनसीआरटीसी सक्रिय यात्रियों का एक नेटवर्क तैयार कर रहा है, जो रचनात्मक सुझाव दे सके, प्रणाली के जिम्मेदार उपयोग को बढ़ावा दे सके और यात्री सुविधाओं तथा उचित यात्रा व्यवहार के बारे में अधिक जागरूकता पैदा कर सके। यात्रियों के लिए, यात्रियों द्वारा’ के सिद्धांत पर आधारित यह पहल, नमो भारत यात्रियों की सार्थक भागीदारी से निरंतर संवाद और फीडबैक के लिए एक सहयोगात्मक मंच तैयार करमे का एक प्रयास है।
इस इंटरैक्टिव सेशन ने प्रतिभागियों को अपनी रोजमर्रा की यात्राओं से परे नमो भारत को समझने का एक अवसर प्रदान किया। एनसीआरटीसी भविष्य में भी ऐसे आयोजन करता रहेगा जो यात्रियों से सार्थक बातचीत और फीडबैक के आदान-प्रदान द्वारा समग्र यात्रा अनुभव को निरंतर बेहतर बनाने में मदद करेंगे। नमो भारत चैंपियंस ग्रुप से जुड़ने में रुचि रखने वाले यात्री स्टेशनों पर लगे क्यूआर कोड के माध्यम से, या एनसीआरटीसी की वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (एक्स, फेसबुक, इंस्टाग्राम और लिंक्डइन) के माध्यम से रजिस्टर कर सकते हैं। वे इस ग्रुप से जुड़कर जिम्मेदार सार्वजनिक परिवहन उपयोग के ‘चैंपियंस’ के रूप में कार्य करेंगे।


No comments:
Post a Comment