> सेक्टर-16 वसुंधरा गाजियाबाद उपकेंद्र परिसर में पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
नित्य संदेश ब्यूरो
मेरठ/ गाजियाबाद। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक महोदय प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता (IAS) ने "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान के अंतर्गत सेक्टर-16 वसुंधरा स्थित उपकेंद्र परिसर में वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पौधा लगाकर प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण के इस जन-अभियान से सक्रिय रूप से जुड़ने का आह्वान किया।
प्रबंध निदेशक ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण को संतुलित रखने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला भी हैं। "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान प्रकृति और मातृत्व के प्रति सम्मान व्यक्त करने का एक प्रेरणादायी प्रयास है, जो प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करने का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण जन-आंदोलन का रूप ले सकता है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपील की कि वे केवल वृक्षारोपण तक सीमित न रहें, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण भी सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा हरित एवं स्वच्छ वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड द्वारा भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण, हरित ऊर्जा एवं सतत विकास से जुड़े ऐसे जनहितकारी अभियानों में सक्रिय सहभागिता जारी रखी जाएगी। वृक्षारोपण के दौरान बृजेश कुमार मुख्य अभियंता गाजियाबाद क्षेत्र - तृतीय, अखिलेश सिंह अधीक्षण अभियंता विद्युत नगरीय वितरण मंडल गाजियाबाद, अजय कुमार अधिशासी अभियंता, अमित झा अधिशासी अभियंता आदि उपस्थित रहे।
No comments:
Post a Comment