• ड्रग्स की बिक्री या सेवन की सूचना तत्काल पुलिस को देने का किया आह्वान
नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। युवाओं एवं समाज को नशे की बढ़ती प्रवृत्ति से बचाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर इंदौर के दिशा निर्देशन में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान के अंतर्गत लगातार जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर नागरिकों को नशे के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं आर्थिक दुष्परिणामों से अवगत कराया जा रहा है तथा उन्हें नशे से दूर रहने और ड्रग्स संबंधी किसी भी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
18 जुलाई को अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (क्राइम) राजेश दंडोतिया अपनी टीम के साथ मालवा मिल क्षेत्र स्थित पंचम की फेल पहुंचे, जहां बच्चों, युवाओं, महिलाओं सहित लगभग 200 रहवासियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई तथा समाज को नशामुक्त बनाने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
अभियान के तहत थाना हीरानगर पुलिस ने रघुनंदन बाग क्षेत्र में लगभग 200 रहवासियों को नशे के विरुद्ध जागरूक किया। वहीं थाना छोटी ग्वालटोली पुलिस ने सरवटे बस स्टैंड पर यात्रियों, व्यापारियों एवं ऑटो चालकों सहित करीब 200 नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें इससे दूर रहने का संदेश दिया।
महिला थाना पुलिस द्वारा पलासिया क्षेत्र में 100 से अधिक महिलाओं को नशे के विरुद्ध जागरूक किया गया। थाना एमजी रोड पुलिस ने क्षेत्र के पत्थर गोदाम में रहवासियों एवं व्यापारियों से संवाद कर उन्हें नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी।
इसी प्रकार थाना आजाद नगर पुलिस ने सीएम राइज सांदीपनी शासकीय विद्यालय में 300 से अधिक छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया।
वही थाना तेजाजी नगर की टीम ने अनुराधा नगर झुग्गी बस्ती तथा थाना आजाद नगर द्वारा नूरानी नगर झोपड़पट्टी में पहुंच सभी को नशे के दुष्प्रभावों के बारें में बताते हुए इनका सेवन नहीं करने और क्षेत्र में इस तरह की कोई भी गतिविधियों की सूचना देने के लिए प्रेरित किया।
पलासिया थाना पुलिस ने सहायक पुलिस आयुक्त संयोगितागंज श्रीमती नीति दंडोतिया के साथ मायादेवी हॉस्टल पहुंचकर वहां रहने वाले हॉस्टलर्स को नशे के प्रति जागरूक किया।
थाना सेंट्रल कोतवाली क्षेत्र के नार्थ तोड़ा में एसीपी सेंट्रल कोतवाली श्री विनोद दीक्षित व थाना प्रभारी द्वारा रहवासियों के साथ जनसंवाद कर विभिन्न प्रकार के नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी और उन्हें नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई।
क्राइम ब्रांच की टीम ने निरंजनपुर बस्ती स्थित संत रविदास धर्मशाला में 150 रहवासियों से संवाद कर उन्हें विभिन्न प्रकार के नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी तथा प्रेस्टीज पब्लिक स्कूल में 350 स्टूडेंट्स को जागरुक कर, समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया।
इसके अतिरिक्त अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (क्राइम) श्री राजेश दंडोतिया ने एलन कोचिंग इंस्टीट्यूट पहुंचकर लगभग 3,500 छात्र-छात्राओं को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे अपने भविष्य को सुरक्षित रखने के लिए किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहें तथा यदि कहीं भी ड्रग्स की बिक्री, तस्करी अथवा सेवन की जानकारी मिले तो बिना किसी संकोच के तत्काल पुलिस को सूचित करें।
इंदौर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि "नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0" अभियान को जन-आंदोलन बनाने में सहभागी बनें और अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर नशामुक्त इंदौर के निर्माण में सहयोग प्रदान करें।






No comments:
Post a Comment