• पुलिस के Safe Click 2.0 अभियान के तहत जिला कोर्ट बार पहुंची। एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने जाना साइबर सुरक्षा का कानूनी और डिजिटल मंत्र
नवीन मौर्य
नित्य संदेश, इंदौर। आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर इंदौर के निर्देशन में इंदौर पुलिस कमिश्नरेट द्वारा संचालित Safe Click 2.0 अभियान के अंतर्गत शहरभर में विभिन्न साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज जिला कोर्ट बार एसोसिएशन, इंदौर में अधिवक्ताओं एवं बार एसोसिएशन के स्टाफ के लिए विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (अपराध) श्री राजेश दंडोतिया ने उपस्थित अधिवक्ताओं एवं स्टाफ को संबोधित करते हुए वर्तमान समय में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी के बदलते स्वरूप तथा उनसे बचाव के प्रभावी उपायों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि साइबर अपराधी फर्जी लिंक, डिजिटल अरेस्ट, फेक इन्वेस्टमेंट स्कीम, ओटीपी फ्रॉड, स्क्रीन शेयरिंग एप्स, फर्जी कस्टमर केयर नंबर और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक नागरिक को डिजिटल दुनिया में सतर्क, सजग और जिम्मेदार व्यवहार अपनाना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें, अपनी बैंकिंग या व्यक्तिगत गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर बिना विलंब राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा NCRP पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई कर पीड़ित की सहायता की जा सके।
कार्यक्रम के दौरान अधिवक्ताओं एवं बार स्टाफ ने साइबर सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा सरल एवं व्यावहारिक तरीके से समाधान किया गया। उपस्थित सभी सदस्यों ने स्वयं साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिवार, मित्रों एवं समाज के अन्य लोगों को भी जागरूक करने का संकल्प लिया।


No comments:
Post a Comment